सोनारी के झाबरी बस्ती में नशे में हुए विवाद ने लिया हिंसक रूप, आरोपी गिरफ्तार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की लोहे की रॉड से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सनातन हेंब्रम के रूप में हुई है, जो सोनारी स्थित झाबरी बस्ती में अपने भाइयों के साथ रहता था। जानकारी के अनुसार रविवार रात दोनों भाई शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर छोटे भाई दुखू हेंब्रम ने सनातन के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला में जमीन कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, रंगदारी नहीं देने पर हमले का आरोप
घायल भाई को घर लाकर सुलाया, इलाज नहीं मिलने से गई जान
घटना के बाद आरोपी दुखू हेंब्रम घायल सनातन को घर लेकर आया और कमरे में सुला दिया। उसने परिवार के अन्य सदस्यों को मारपीट और चोट लगने की जानकारी नहीं दी। परिजनों को लगा कि सनातन शराब के नशे में सो रहा है। सोमवार पूरा दिन वह कमरे में पड़ा रहा, लेकिन किसी ने उसकी गंभीर स्थिति को नहीं समझा। सोमवार रात जब दुखू काम से वापस लौटा और कमरे में गया, तब उसने सनातन को मृत अवस्था में पाया। इसके बाद उसने परिवार के लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना का खुलासा होते ही घर में कोहराम मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों के अनुसार यदि समय रहते घायल को अस्पताल पहुंचाया जाता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान हुई मौत
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद की लोहे की रॉड
सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि आरोपी दुखू हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है, वहीं इलाके के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। एक मामूली विवाद का इतना भयावह अंत पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
























