अगस्त 2026 की राज्य स्तरीय रैंकिंग में जिले ने शिक्षा गुणवत्ता और अधिगम परिणामों में बनाया नया कीर्तिमान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन परफॉर्मेंस रिव्यू (DEPR) की अगस्त 2026 माह की 15वीं रिपोर्ट में पूर्वी सिंहभूम जिले ने झारखंड के सभी 24 जिलों में प्रथम स्थान हासिल कर शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। यह सफलता जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, अधिगम परिणामों को बेहतर बनाने तथा विद्यालयों के प्रभावी संचालन के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार जिले ने लर्निंग आउटकम्स, विद्यालयों के नियमित अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण तथा गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध डेटा रिपोर्टिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उच्च प्राथमिकता वाले संकेतकों और सक्षमकारी संकेतकों के बीच संतुलित उपलब्धि दर्ज कर पूर्वी सिंहभूम ने राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। शिक्षा के क्षेत्र में यह उपलब्धि जिले की मजबूत शैक्षणिक रणनीति और बेहतर प्रशासनिक समन्वय को भी दर्शाती है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर ने धूमधाम से मनाया विश्व फोटोग्राफी दिवस
सामूहिक प्रयासों का मिला परिणाम, शिक्षा क्षेत्र में बढ़ा जिले का गौरव
रिपोर्ट में मिली प्रथम रैंकिंग को जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, प्रखंड एवं संकुल स्तर के पदाधिकारियों, विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों तथा शिक्षा से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल माना जा रहा है। जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को बेहतर बनाने और विद्यालयी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि पूर्वी सिंहभूम ने राज्य के सभी जिलों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी। जिले का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन न केवल शिक्षा परिवार का मनोबल बढ़ाएगा, बल्कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और विद्यालयों की कार्यसंस्कृति में भी सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

























