साकची आम बागान से डीसी कार्यालय तक निकला प्रदर्शन मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन
ज्ञापन के माध्यम से मामले की गहन जांच की उठाई गई मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता के आरोपों को लेकर गुरुवार को सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। वरिष्ठ समाजसेवी एवं झामुमो नेता बबन राय के नेतृत्व में साकची आम बागान से उपायुक्त कार्यालय तक एक विशाल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। रैली के दौरान भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और वानर सेना की वेशभूषा में शामिल प्रतिभागी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मांगों के समर्थन में नारे लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। रैली शांतिपूर्ण तरीके से डीसी कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शन के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : गालूडीह में दिवंगत काशीनाथ महतो के परिजनों से मिले झामुमो नेता, हर जिम्मेदारी निभाने का दिया भरोसा
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग
उपायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम एक मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी हो सके। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और संभावित जिम्मेदार व्यक्तियों की गहन जांच आवश्यक है। उनका मत है कि केवल कुछ व्यक्तियों पर कार्रवाई कर देने से पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने नहीं आ सकती। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मामले की व्यापक जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






















