डीएम, एसपी और सीआरपीएफ अधिकारियों ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर शांति बनाए रखने की अपील की
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झाड़ग्राम : चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जिले में उत्पन्न तनाव और कथित हिंसा की घटनाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आकांक्षा भास्कर, पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला और सीआरपीएफ पश्चिम बंगाल सेक्टर के कमांडेंट रवि शंकर ने संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस कर स्थिति की जानकारी दी। अधिकारियों ने सभी राजनीतिक दलों से अपने कार्यकर्ताओं को संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही आम नागरिकों से भी किसी प्रकार के उकसावे में न आने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को देने का आग्रह किया गया है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : जामबोनी में उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण पर बवाल, नियमों की अनदेखी और कम मजदूरी पर भड़के ग्रामीण
हिंसा की घटनाओं पर कार्रवाई, कई गिरफ्तार और पूछताछ जारी
प्रशासन के अनुसार अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कई अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चुनाव परिणाम के बाद जिले के विभिन्न इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति देखी गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की हिंसा या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि माहौल को और अधिक बिगड़ने से रोका जा सके।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : जामबनी नाला पर पुलिया निर्माण का शिलान्यास, बहरागोड़ा में विकास को मिली नई गति
पार्टी कार्यालयों पर कब्जा और तोड़फोड़ के आरोप
जानकारी के अनुसार, परिणाम घोषित होने के बाद तृणमूल कांग्रेस के कई पार्टी कार्यालयों पर कब्जा करने और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। कई जगहों पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट के आरोप भी लगे हैं। झाड़ग्राम नगरपालिका और शिलदा पंचायत कार्यालय सहित कई स्थानों पर ताले लगाए जाने की खबर है। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेतृत्व ने हस्तक्षेप करते हुए ताले खुलवाने और सामान्य सेवाएं बहाल करने की कोशिश की। साथ ही अपने कार्यकर्ताओं को शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई है।
इसे भी पढ़ें : Potka : पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर पोटका में भव्य स्वागत, देवी कुमारी भूमिज ने बांटी मिठाई
प्रशासन का सख्त संदेश, शांति भंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
इन घटनाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने सख्त चेतावनी दी है कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी डॉ. आकांक्षा भास्कर ने कहा कि जिस प्रकार प्रशासन, पुलिस और केंद्रीय बलों ने मिलकर शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराया, उसी तरह अब शांति बनाए रखना भी प्राथमिकता है। सीआरपीएफ के कमांडेंट रवि शंकर ने भी लोगों से सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जिले में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और कानून से ऊपर कोई नहीं है।


























