प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से नव नियुक्त अभ्यर्थियों को किया संबोधित
युवा सशक्तिकरण की दिशा में रोजगार मेला बना अहम पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
खड़गपुर : केंद्र सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शनिवार को देशभर के 47 स्थानों पर 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से नव नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित किया तथा विभिन्न केंद्रीय विभागों और संगठनों में चयनित करीब 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार पारदर्शी और तेज भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नव नियुक्त युवाओं से पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ देश सेवा में योगदान देने का आह्वान किया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ जदयू का हस्ताक्षर अभियान 24 को, घाटशिला स्टेशन पर जुटेंगे यात्री
रोजगार मेले के जरिए युवाओं को मिला नया अवसर
खड़गपुर में यह कार्यक्रम मल्टी-डिसिप्लिनरी जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (MDZTI) एवं सुपरवाइजर्स ट्रेनिंग सेंटर परिसर में आयोजित किया गया। यहां करीब 142 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। अतिथियों ने युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : गमारिया के जलेश्वर शिव मंदिर में गाजन पर्व की धूम, अंगारों पर चलकर भक्तों ने दिखाई आस्था
खड़गपुर में नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं में दिखी खुशी
कार्यक्रम में खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक लालित मोहन पांडेय सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। डीआरएम ने अपने संबोधन में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को सरकारी सेवा की सबसे बड़ी पहचान बताया। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है, जहां पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और कौशल आधारित रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।























