वन विभाग ने मृतक की पत्नी नंदी जोजो को सौंपा मुआवजा चेक, ग्रामीणों ने सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की
ग्रामीणों ने हाथियों की निगरानी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : जंगली हाथी के हमले में जान गंवाने वाले समठा गांव निवासी चंदन जोजो के परिवार को वन विभाग की ओर से अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने मृतक की पत्नी नंदी जोजो को 4 लाख रुपये का मुआवजा चेक सौंपा। जानकारी के अनुसार, 20 दिसंबर 2025 को चंदन जोजो जंगल से लकड़ी लाने गए थे। इसी दौरान घर से करीब एक किलोमीटर दूर उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी के हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद वन विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आश्रित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : यूट्यूबर विनोद सिंह पर मानहानि का नया मुकदमा दायर करेंगी होटल ग्रैंड की ओनर शबनम सिंह
वन विभाग ने नियमानुसार दी अनुग्रह सहायता राशि
मुआवजा वितरण कार्यक्रम में समाजसेवी सदस्य संदीप गुड़िया, वनपाल कमल, वनकर्मी बासुदेव सहित वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही जंगली हाथियों की गतिविधियों पर चिंता जताई। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के कारण जान-माल का खतरा लगातार बना रहता है और कई बार लोग भय के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर होते हैं। उन्होंने वन विभाग से हाथियों की नियमित निगरानी, समय पर चेतावनी व्यवस्था और प्रभावी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

























