बार-बार बिजली बाधित होने से बढ़ी नाराजगी, जनप्रतिनिधियों से समाधान की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मुरी एवं आसपास के इलाकों में बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में दिन हो या रात, बिजली की आंख-मिचौली लगातार जारी रहती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों का आरोप है कि हल्की बारिश, तेज हवा या बादल छाने पर भी बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार बिजली विभाग की ओर से अक्सर तारों पर पेड़ की टहनियां गिरने या तकनीकी कारणों का हवाला दिया जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : 54 वर्षों से मुआवजे की प्रतीक्षा, परिवार समेत अनशन पर बैठे दीपक पातर, देखें वीडियो
जनप्रतिनिधियों से बढ़ी अपेक्षाएं, समाधान की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जारी बिजली संकट के कारण घरेलू कार्यों, व्यवसाय और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की सक्रियता के बावजूद मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर लोगों में निराशा देखी जा रही है। कई नागरिकों ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार, खराब लाइनों के रखरखाव और त्वरित मरम्मत व्यवस्था की मांग की है। लोगों का कहना है कि नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को ठोस पहल करनी चाहिए।

























