प्रखंड स्तरीय कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों और समुदाय के सदस्यों ने रोकथाम के उपायों पर किया मंथन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : सामाजिक संस्था युवा (यूथ फॉर यूनिटी एंड वॉलंटरी एक्शन) एवं गर्ल्स फर्स्ट फंड के सहयोग से तेंतला स्थित इम्पीरियल रिसोर्ट में बाल विवाह एवं जबरन विवाह की रोकथाम को लेकर प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, स्वास्थ्य सहियाओं, डालसा के पीएलबी तथा विभिन्न गांवों के समुदाय प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान पंचायत स्तर पर बाल विवाह रोकने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने बाल विवाह के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक कारणों की पहचान करते हुए इसके प्रभाव और समाधान पर विचार-विमर्श किया।
इसे भी पढ़ें : Gua : सारंडा के साल पत्तों से आत्मनिर्भरता की राह पर नुईया गांव की महिलाएं
जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी पर दिया गया जोर
कार्यशाला में “मेरा गांव मेरी जिम्मेदारी” गतिविधि के माध्यम से पंचायतों में निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने, जागरूकता अभियान चलाने तथा सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने की रणनीति तैयार की गई। प्रतिभागियों को बाल विवाह मुक्त पंचायत योजना, पेसा अधिनियम 1996 तथा ग्राम सभा की भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों को बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन अंजना देवगम ने किया, जबकि स्वागत संबोधन चंदमनी सेवैया ने प्रस्तुत किया।

























