वन विभाग और कलाकारों की पहल से ग्रामीणों में बढ़ी पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी
ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने की अनोखी पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में वन्यजीवों की सुरक्षा और शिकार परब पर रोक लगाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा दलमा क्षेत्र से जुड़े गांवों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत 20 अप्रैल को मानगो स्थित वन विभाग सभागार में हुई, जहां इको विकास समितियों की बैठक के दौरान “माटी को पुकार” (जंगल है तो हम हैं) नामक नाटक का मंचन गीता थिएटर के कलाकारों द्वारा किया गया। इसके बाद 22 अप्रैल से कला नाट्य दल ने गांव-गांव जाकर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को जागरूक करना शुरू किया। कलाकार पहले गीत-संगीत के जरिए ग्रामीणों को एकत्रित करते हैं और फिर प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण का संदेश देते हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : अस्मिता सिटी लीग 2026 का शुभारंभ, महिला खिलाड़ियों को मिला नया मंच
नाटकों के जरिए पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
नुक्कड़ नाटकों के बाद ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें शिकार परब के दुष्परिणामों, वन्यजीवों के महत्व और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में सरल भाषा में समझाया जाता है। इसके साथ ही सामूहिक रूप से वन्यजीव संरक्षण की शपथ भी दिलाई जाती है। यह अभियान डीएफओ सबा आलम अंसारी के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है। पटमदा के बेलटांड़ चौक में आयोजित कार्यक्रम में अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास, थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता और समाजसेवी विश्वनाथ महतो उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे वन्यजीवों और पेड़-पौधों के संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं
वन्यजीव संरक्षण को लेकर प्रशासन की सख्ती
कार्यक्रम के दौरान अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने कहा कि प्रकृति और जीव-जंतु मानव जीवन के अभिन्न अंग हैं और इनके बिना पर्यावरण संतुलन संभव नहीं है। थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता ने अवैध शिकार को गंभीर अपराध बताते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने पारंपरिक प्रथाओं में बदलाव की जरूरत पर बल दिया। नुक्कड़ नाटक दल का नेतृत्व वन्यजीव जीवविज्ञानी प्रसेनजीत सरकार और व्यक्तित्व विकास संस्थान के आकाश कुमार जायसवाल कर रहे हैं। कलाकारों में गीता कुमारी, प्रेम दीक्षित, अभिषेक राजू, आकाश साव, मनोज कुमार, करण साव सहित अन्य शामिल हैं, जिन्होंने अपने जीवंत अभिनय से ग्रामीणों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।























