भूमिज विद्रोह के महानायक को दी श्रद्धांजलि, युवाओं को मिला प्रेरणा संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के खड़ियासाईं में भूमिज विद्रोह के महानायक वीर गंगा नारायण सिंह की 236वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। वक्ताओं ने उनके शौर्य, बलिदान और झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज के हक-अधिकार के लिए किए गए संघर्ष को विस्तार से याद किया। उन्होंने कहा कि गंगा नारायण सिंह का जीवन संघर्ष और साहस का प्रतीक है, जो आज भी समाज को दिशा देने का काम करता है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में हाथियों का आतंक, मटिहाना-चाकुलिया मार्ग पर बढ़ा खतरा
अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्तमान समय में भी आदिवासी और मूलवासी समाज को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे वीर गंगा नारायण सिंह के आदर्शों को अपनाएं और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर कांग्रेस जिला सचिव जयराम हांसदा, प्रखंड अध्यक्ष सौरभ चटर्जी, सुबोध सिंह सरदार, संजय पात्र, आदिवासी मूलवासी विकास परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष निरूप हांसदा, महासचिव उज्ज्वल मंडल और सनातन सरदार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।


























