एक वर्ष से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे सुधीर बारीक
परिवार को छोड़ गए गहरे दुख में, सहकर्मियों ने दी श्रद्धांजलि
जादूगोड़ा मुक्तिधाम में आज दी गई अंतिम विदाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : यूसिल कॉलोनी निवासी एवं यूसिलकर्मी सुधीर बारीक (56) का रविवार अहले सुबह अपने आवास पर निधन हो गया। वे पिछले एक वर्ष से कैंसर, हार्ट वाल्व और आंखों से जुड़ी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। बीते छह माह से वे अचेत अवस्था में घर के बेड पर थे। हालत बिगड़ने पर दो दिन पूर्व उन्हें ब्रह्मानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन रविवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। बाद में उन्हें यूसिल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके निधन से यूसिल कर्मियों और जादूगोड़ा क्षेत्र में शोक की लहर है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटा टीएमएच डिस्पेंसरी सोनारी में CPR प्रशिक्षण, आपात स्थिति में जीवन बचाने की दी गई जानकारी
यूसिल क्षेत्र में शोक, आज होगा अंतिम संस्कार
स्वर्गीय एन.के. बारीक के पुत्र सुधीर बारीक अपने पीछे पत्नी, मां, पुत्र आयुष बारीक और पुत्री प्रिया बारीक समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही यूसिल कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में लोगों का तांता लग गया। सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार रविवार को जादूगोड़ा मुक्तिधाम में किया जाएगा। यूसिल कर्मियों ने उनके निधन को संस्थान और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।























