मेचुआ गांव से प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत, बड़ी संख्या में महिला किसानों ने लिया हिस्सा
कम लागत में दुगुना उत्पादन देने वाली तकनीक पर दिया गया प्रशिक्षण
किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराएगी आर एफ ग्लोबल संस्था
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : धान की खेती में कम लागत और अधिक उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पोटका प्रखंड में आर एफ ग्लोबल संस्था ने श्री विधि खेती अभियान की शुरुआत की है। इसकी शुरुआत जादूगोड़ा क्षेत्र के मेचुआ गांव से एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला किसानों ने भाग लेकर आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। संस्था की ओर से किसानों को श्री विधि से धान उत्पादन के फायदे, कम पानी में खेती और बेहतर उत्पादन के तरीकों की जानकारी दी गई। ग्रामीण किसानों ने भी इस पहल को खेती के लिए लाभकारी बताया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : यूसिलकर्मी सुधीर बारीक का निधन, जादूगोड़ा में शोक की लहर
आधुनिक खेती तकनीक से किसानों की आय बढ़ाने की पहल
प्रशिक्षण शिविर में रांची के रामगढ़ से पहुंचे प्रशिक्षक कार्तिक कुमार ने किसानों को बताया कि पोटका क्षेत्र के अधिकांश किसान आज भी पारंपरिक तरीके से धान की खेती कर रहे हैं, जिससे अधिक पानी, श्रम और खर्च लगता है, जबकि उत्पादन अपेक्षाकृत कम होता है। उन्होंने कहा कि श्री विधि तकनीक अपनाने से कम लागत में धान का उत्पादन दोगुना तक बढ़ाया जा सकता है। आर एफ ग्लोबल संस्था द्वारा पोटका प्रखंड के 25 गांवों में किसानों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद किसानों को उन्नत बीज भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में आधुनिक खेती को बढ़ावा मिल सके।























