मिदनापुर स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
रेलवे ने यात्रियों से की सुरक्षा नियमों के पालन की अपील
रेलवे ने यात्रियों को सुरक्षा नियमों के प्रति किया जागरूक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मिदनापुर : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की दो महिला जवानों ने साहस, सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक यात्री की जान बचा ली। घटना 9 मई की दोपहर करीब 2:20 बजे की है, जब ट्रेन संख्या 38820 एमडीएन-हावड़ा लोकल मिदनापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से रवाना हो रही थी। इसी दौरान करीब 50 वर्षीय एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगा। ट्रेन की रफ्तार बढ़ने के बीच उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के नीचे जाने की स्थिति में पहुंच गया। प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रही आरपीएफ की महिला जवान एस. गोराई और के. कुमारी ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए दौड़ लगाई और समय रहते यात्री को कोच के अंदर सुरक्षित धकेल दिया। उनकी तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : एनएच-49 पर हार्वेस्टर कीचड़ से बढ़ा खतरा, बाइक सवारों की मुश्किलें बढ़ीं
महिला जवानों की सतर्कता से टला बड़ा रेल हादसा
पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे अधिकारियों ने दोनों महिला जवानों की बहादुरी की सराहना की। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इस तरह की लापरवाही किसी भी समय जानलेवा हादसे का कारण बन सकती है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने और सतर्क रहने की सलाह दी है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।























