बहरागोड़ा से जामसोला तक सड़क बनी फिसलन जोन, हादसों का बढ़ा खतरा
ग्रामीणों ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग
सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर बहरागोड़ा से ओडिशा सीमा जामसोला तक का सफर इन दिनों दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। खेतों से गरमा धान की कटनी कर लौट रहे हार्वेस्टर वाहनों के पहियों से सड़क पर बड़ी मात्रा में गीली मिट्टी गिर रही है, जिससे सड़क की स्थिति बदहाल हो गई है। धूप में यही मिट्टी सूखकर धूल का गुबार बन जाती है, जबकि हल्की बारिश होते ही सड़क फिसलन भरी हो जाती है। इससे आए दिन बाइक चालक सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : आँगरीसोल में गजराज का आतंक, पांच एकड़ धान की फसल बर्बाद
कीचड़ और धूल से एनएच-49 पर बढ़ा हादसों का खतरा
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में हार्वेस्टर संचालकों की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क पर कीचड़ फैलने से रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों से सड़क की नियमित सफाई कराने तथा लापरवाह हार्वेस्टर संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन किया जाएगा।























