वार्ड नंबर 9 में देर रात लगी आग से मची अफरा-तफरी, लाखों की संपत्ति स्वाहा
प्रभावित दुकानदारों से मिले विधायक लक्ष्मीकांत साऊ
प्रशासन से राहत और मुआवजे की उठी मांग
प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झारग्राम : शहर के वार्ड नंबर 9 स्थित लोकल बोर्ड इलाके में बीती देर रात भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक कुल सात दुकानें जलकर राख हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात अचानक धुआं और आग की तेज लपटें उठती दिखाई दीं, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकल आए। आसपास के लोगों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि हालात जल्द ही नियंत्रण से बाहर हो गए। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Gua : ठाकुरा गांव में विशेष ग्राम सभा, नए मुंडा चयन को लेकर बनी सहमति
देर रात आगजनी से दुकानदारों के सामने खड़ा हुआ संकट
घटना की सूचना मिलते ही झाड़ग्राम के नव निर्वाचित विधायक लक्ष्मीकांत साऊ मौके पर पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि आग लगने के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। विधायक ने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस घटना को राजनीतिक रंग न दिया जाए। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। दुकानदारों का कहना है कि उनकी पूरी आजीविका इन दुकानों पर निर्भर थी और अब उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : आदिम झारखंड वैष्णव वैरागी समिति की प्रदेश स्तरीय केंद्रीय कमिटी का गठन
आग के कारणों की होगी निष्पक्ष जांच : विधायक
जंगलमहल स्वराज मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष अशोक महतो ने कहा कि प्रभावित दुकानदारों को मानवीय आधार पर तत्काल राहत और आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपकर पीड़ित परिवारों के पुनर्वास की मांग करने की बात कही। साथ ही उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि आगजनी के पीछे किसी प्रकार की लापरवाही या साजिश सामने आती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन से शीघ्र मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है ताकि प्रभावित परिवार जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।























