ट्रांसफार्मर, बिजली पोल और जर्जर तार बदलने समेत पांच सूत्री मांग रखी गई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता से मुलाकात कर पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले बिजली से जुड़ी सभी आवश्यक समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। ज्ञापन में मकदमपुर मुंशी मोहल्ला में 100 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा पुराने और जर्जर बिजली तारों को बदलने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा गोलपहाड़ी न्यू बस्ती में 10 नए बिजली पोल और आवश्यक तार लगाने की भी मांग की गई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में रिश्तों का कत्ल : छोटे भाई ने बड़े भाई की लोहे की रॉड से पीटकर की हत्या
कई पंचायतों में बिजली ढांचा मजबूत करने की उठी मांग
पंकज सिन्हा ने बताया कि गोलपहाड़ी न्यू बस्ती में बिजली पोल लगाए जाने के बावजूद अब तक तार नहीं लगाए गए हैं, जिससे स्थानीय लोग बिजली सुविधा से वंचित हैं। इसके अलावा पश्चिम किताडीह पंचायत के मनसा मंदिर के पास और विजय स्टोर के सामने 200-200 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी की गई है। वहीं पश्चिमी कालीमाटी पंचायत के दुर्गाबाड़ी से ग्वालापट्टी तक नए बिजली पोल और तार बिछाने का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या आम हो जाती है, इसलिए सभी कार्य समय रहते पूरे किए जाने चाहिए। इस पर विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाएगी।


























