मुखिया पंचानन मुंडा की अगुवाई में चला स्वच्छता अभियान, कर्मचारियों ने ली स्वच्छता की शपथ
पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के खण्डामौदा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर परिसर में बुधवार को स्वच्छता एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया पंचानन मुंडा ने की। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विभिन्न पौधे लगाए गए। वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता और हरियाली बनाए रखने से मरीजों को सकारात्मक एवं शुद्ध वातावरण मिलता है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी अच्छा प्रभाव पड़ता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : रोटी बैंक और जीवन ज्योति ने आयोजित की भव्य क्विज प्रतियोगिता, युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
स्वास्थ्य केंद्र परिसर में कर्मचारियों ने चलाया सफाई अभियान
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के कर्मचारियों ने पूरे परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। लोगों से अपने घर, गली-मोहल्लों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की अपील की गई। कहा गया कि नियमित साफ-सफाई से कई बीमारियों से बचाव संभव है। कार्यक्रम में एनएम, सीएचओ, सहिया समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे और स्वच्छता व हरियाली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।


























