सामान्य ज्ञान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मानगो में हुआ आयोजन, विजेताओं को किया गया सम्मानित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : मानगो स्थित डिमना रोड के भीमराव अंबेडकर पार्क में रोटी बैंक एवं जीवन ज्योति के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं के बौद्धिक विकास, सामान्य ज्ञान में वृद्धि तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों एवं क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने अपने ज्ञान और त्वरित उत्तरों से सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और समाजसेवी भी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Potka : चंदनपुर में लाभुक समिति को मान्यता नहीं मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश, उपायुक्त से की हस्तक्षेप की मांग
विभिन्न विषयों पर पूछे गए सवाल, प्रतिभागियों ने दिखाया ज्ञान
प्रतियोगिता के दौरान सामान्य ज्ञान, विज्ञान, इतिहास, भारतीय संविधान, देश में लागू नए कानून, खेल, करंट अफेयर्स, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे गए। कड़े मुकाबले के बाद शुभम श्रीवास्तव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कोमल कुमारी द्वितीय और जय प्रकाश तृतीय स्थान पर रहे। वहीं नवनीत और खुशबू को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी और ज्ञानवर्धक उत्तरों ने कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
इसे भी पढ़ें : Potka : हरिणा मेला के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर तैयारी बैठक, विधायक संजीव सरदार ने अधिकारियों को दिए निर्देश
हर माह आयोजित होगी प्रतियोगिता, युवाओं से भागीदारी की अपील
रोटी बैंक के चेयरमैन मनोज मिश्रा ने कहा कि युवाओं में ज्ञान, जागरूकता और प्रतियोगी भावना को बढ़ावा देने के लिए अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को नियमित रूप से क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं जीवन ज्योति के उपाध्यक्ष आर.बी. सहाय ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नई जानकारियों से जोड़ते हैं। शिक्षक पंकज तिवारी और रविशंकर सहित अन्य अतिथियों ने भी इस पहल को सराहनीय बताया। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मौके पर मनोज मिश्रा, आर.बी. सहाय, प्रिंस, जिष्णु महतो, रेणु कुमारी, बी.के. दास, एल.बी. प्रसाद, ए.के. श्रीवास्तव, अंजलि, मुकेश, अविनाश, सुमित, आदित्य राज, रूचि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।






















