झामुमो संपर्क कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेताओं ने उनके संघर्ष, सादगी और जनसेवा को किया याद
युवाओं को कामरेड वास्ता सोरेन के आदर्शों पर चलने का आह्वान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला के पूर्व विधायक (1962-1967) एवं भारतीय कम्युनिस्ट आंदोलन के वरिष्ठ नेता कामरेड वास्ता सोरेन की द्वितीय पुण्यतिथि पर झामुमो संपर्क कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता जगदीश भगत ने कहा कि कामरेड वास्ता सोरेन केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं थे, बल्कि जनसंघर्ष, सामाजिक न्याय और जनसेवा की एक सशक्त विचारधारा के प्रतीक थे। उन्होंने जीवनभर समाज के वंचित और शोषित वर्गों की आवाज बनकर कार्य किया तथा जनता के हितों को सर्वोपरि रखा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डालसा ने बढ़ाया मानवता का हाथ, भीषण गर्मी में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और कामगारों के बीच वितरित किए ओआरएस व ठंडा जल
कामरेड वास्ता सोरेन का जनसेवा और संघर्षों से भरा जीवन
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और राजनीतिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। बताया गया कि वर्ष 1954-55 में जब कम्युनिस्ट पार्टी पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, तब भी कामरेड वास्ता सोरेन के नेतृत्व में कार्यकर्ता गुप्त रूप से जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाते रहे। कठिन परिस्थितियों और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने सिद्धांतों, विचारधारा और जनसेवा के संकल्प से कभी समझौता नहीं किया। उनके नेतृत्व, संगठन क्षमता और जनता के प्रति समर्पण ने उन्हें क्षेत्र में एक सम्मानित जननेता के रूप में स्थापित किया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुगसलाई फायरिंग कांड का खुलासा, पांच अपराधी गिरफ्तार
प्रतिबंध के दौर में भी जनहित के लिए सक्रिय रहे कामरेड वास्ता सोरेन
वक्ताओं ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को कामरेड वास्ता सोरेन के जीवन, संघर्ष, सादगी और वैचारिक प्रतिबद्धता से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उनके आदर्श और विचार समाज निर्माण की दिशा में आज भी प्रासंगिक हैं। नेताओं ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य आज विभिन्न प्रतिष्ठित क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें चिकित्सक और शिक्षक भी शामिल हैं। कार्यक्रम में जिला सचिव रतन महतो, जगदीश भगत, विकास मजूमदार, बाबूलाल मुर्मू, सोमेन मिश्रा, सागर पानी, राजा सिंह, सौरभ बोस, जितेन दास, सतीश शीत, अभिजीत विश्वास, चंदन कालिंदी, काला चांद सरकार, अंकुर कावरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
























