व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायिक पदाधिकारियों ने लिया हरित और स्वच्छ भविष्य का संकल्प
डालसा ने जिलेभर में चलाया जागरूकता अभियान, लगाए गए सैकड़ों पौधे
बार संघ ने वितरित किए फलदार और छायादार पौधे, दिलाई संरक्षण की शपथ
पौधों के वितरण के साथ पर्यावरण संरक्षण का लिया गया सामूहिक संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के व्यवहार न्यायालय परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधान जिला जज अरविंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान न्यायालय के अन्य न्यायिक पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला जज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि इसे हमारी दैनिक जीवनशैली और कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया तथा इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश बताया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटा स्टील फाउंडेशन मल्टी स्किल सेंटर में विश्व पर्यावरण दिवस पर चलाया गया पौधरोपण अभियान
जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वृक्षारोपण को बताया जरूरी

जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने न्याय सदन परिसर में पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डालसा की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अधिकार मित्रों (पीएलवी) द्वारा कई स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें सैकड़ों छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान न केवल हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देते हैं, बल्कि समाज में पर्यावरणीय जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करते हैं।
इसे भी पढ़ें : Patna : पटना कोचिंग फायरिंग मामला: खान सर पर एफआईआर दर्ज, जांच तेज, पुलिस जुटी कार्रवाई में
पीएलवी के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया हरित अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला बार संघ की ओर से भी व्यवहार न्यायालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिवक्ता बलवंत सिंह के सौजन्य से सैकड़ों फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प लेते हुए हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को प्रकृति संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।






















