होरगाड़ा चौक से बारुगोड़ा तक पांच किलोमीटर सड़क बदहाल, ग्रामीणों ने आंदोलन की दी चेतावनी
सड़क नहीं बनी तो होगा उग्र आंदोलन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
डुमरिया : डुमरिया प्रखंड के केंदुआ पंचायत अंतर्गत बोमरो गांव के होरगाड़ा चौक से बारुगोड़ा जाने वाली लगभग पांच किलोमीटर लंबी सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं और कई स्थानों पर नुकीले पत्थर निकल आने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। इस गंभीर समस्या को लेकर हातू मुंडा अमर तापे की अध्यक्षता में ग्राम सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्वी सिंहभूम जिला महासचिव बीरसिंह देवगाम भी मौजूद रहे और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना।
इसे भी पढ़ें : Potka : बंगला बोर्ड मध्य विद्यालय में चोरी, खिड़की तोड़कर चोर ले गए पंखे और नल
जर्जर सड़क ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी

बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर 23 जून को उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को लिखित ज्ञापन सौंपा जाएगा। बीरसिंह देवगाम ने कहा कि क्षेत्र की जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, जबकि सरकार इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रही है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क खराब होने से एदेलबेडा, जोबराकोचा, कासीगोड़ा, लोछोनिया, ईचाकुटी और बारुगोड़ा गांवों के बीच संपर्क प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी आपातकालीन सेवाओं को हो रही है। एम्बुलेंस और दमकल वाहनों को गांवों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे संकट के समय लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है।
इसे भी पढ़ें : Potka : चंदनपुर में जाहेरथान घेराबंदी योजना पर विवाद गहराया
उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव हो जाता है, जबकि गर्मी और अन्य दिनों में उड़ती धूल लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती है। जदयू जिला महासचिव बीरसिंह देवगाम ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को अनदेखा करना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और सड़क निर्माण तक संघर्ष जारी रहेगा।
























