किरीबुरू थाना पुलिस ने चलाया जागरूकता एवं वाहन जांच अभियान, यातायात नियमों के पालन की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा के मंगला हाट बाजार क्षेत्र में मंगलवार को किरीबुरू थाना पुलिस द्वारा व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी रोहित कुमार ने किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था। इस दौरान पुलिस टीम ने सड़क सुरक्षा संबंधी बैनरों और जागरूकता संदेशों के माध्यम से बाजार में मौजूद लोगों, वाहन चालकों और युवाओं को सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया। थाना प्रभारी ने लोगों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एनडीआरएफ के 5 दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, 70 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा पर दिया गया विशेष जोर
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी रोहित कुमार ने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है। अभियान के दौरान कई लोगों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
इसे भी पढ़ें : Kharsawan : गितीलता के ऐतिहासिक रोजो मेले में पहुंचे विधायक दशरथ गागराई, परिवार संग की पूजा-अर्चना
11 वाहनों पर कार्रवाई, आगे भी जारी रहेगा अभियान
जागरूकता अभियान के साथ-साथ विशेष वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 11 दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 27 हजार रुपये का ऑनलाइन चालान काटा गया। वहीं कई वाहन चालकों को चेतावनी देकर भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी उपाय है और पुलिस आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाती रहेगी। उन्होंने लोगों से सुरक्षित वाहन संचालन की आदत विकसित करने और शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

























