चार लेन सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार से बढ़ी परेशानी, स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर भी मंडरा रहा खतरा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : मुरी-गोला मुख्य मार्ग पर उड़ रही धूल से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। विशेषकर सिंगपुर चौक से लेकर झारखंड मोड़ और गेडेवीर तक करीब 14 किलोमीटर के क्षेत्र में धूल प्रदूषण लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। सड़क से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण धूल का गुबार इतना अधिक उठता है कि कई बार सामने की वस्तुएं भी स्पष्ट दिखाई नहीं देतीं। सड़क किनारे स्थित दुकानदारों और मकान मालिकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गेडेवीर से झारखंड मोड़ तक चार लेन सड़क निर्माण का कार्य एक वर्ष से अधिक समय से चल रहा है, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण कार्य की धीमी गति और बीच-बीच में काम बंद रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : गैरेज चौक स्थित लाइसेंसी शराब दुकान का औचक निरीक्षण, सभी अभिलेख और स्टॉक मिले दुरुस्त
स्वास्थ्य पर असर को लेकर बढ़ी चिंता
सड़क निर्माण के दौरान कई स्थानों पर एक ओर की सड़क खोदकर लंबे समय तक छोड़ दिए जाने से यातायात भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक वर्ष में कई वाहन इस मार्ग पर फंस चुके हैं और कई बार स्कूली बच्चों को समय पर विद्यालय पहुंचने में कठिनाई हुई है। संत माइकल स्कूल और डीएवी स्कूल इसी मार्ग पर स्थित हैं, जिसके कारण धूल प्रदूषण का असर बच्चों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। समाजसेवी निर्मल महतो ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्र में श्वसन संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा धूल नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

























