झाड़ग्राम में आयोजित भव्य समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं
सामाजिक संगठनों और विशिष्ट हस्तियों को किया गया सम्मानित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झाड़ग्राम : समाजसेवी संगठन दिगंतेर दिशारी के 5वें स्थापना दिवस के अवसर पर झाड़ग्राम स्थित आईएमए ऑडिटोरियम में भव्य मिलन उत्सव, प्रतिभा सम्मान एवं मेधावी छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, कलाकारों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की। इस अवसर पर झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, मालदा, नारायणगढ़, गड़बेता, केशियाड़ी, बहरागोड़ा और गोपीबल्लभपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए 20 से अधिक स्वयंसेवी संगठनों तथा 35 से अधिक समाजकर्मियों को सम्मानित किया गया। साथ ही वर्ष 2026 की माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 19 मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष सम्मान प्रदान किया गया, जिनमें सांताली और बंगला माध्यम के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 12 विद्यार्थी भी शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : Potka : बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने का लिया सामूहिक संकल्प
आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मिली शैक्षणिक सहायता
समारोह के दौरान शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। विज्ञान संकाय के चार तथा कला संकाय के तीन आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को कक्षा 11 की सभी पाठ्यपुस्तकें उपहार स्वरूप प्रदान की गईं। इस अवसर पर प्रख्यात लोक साहित्यकार प्रफुल्ल चंद्र महतो, वरिष्ठ संगीतकार नारायण रायचौधुरी तथा झाड़ग्राम की कला संस्था के संस्थापक संजीव मित्र को विशेष सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम की सबसे प्रेरणादायक घोषणा तब हुई जब समाजसेवी कमल सिंह ने एक आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रा की उच्च शिक्षा का पूरा खर्च वहन करने की घोषणा की। इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
इसे भी पढ़ें : Gua : सारंडा के साल पत्तों से आत्मनिर्भरता की राह पर नुईया गांव की महिलाएं
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वरिष्ठ कलाकार बाबू राय के मधुर गीतों, मुक्तांगन के नृत्य कलाकारों की समूह प्रस्तुति, नृत्य गुरु तापस डे के एकल नृत्य तथा बाल कलाकार श्रीनिका और अंशुप के प्रभावशाली कवितापाठ ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में स्वामी मुक्तेश्वर महाराज सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। अंत में संगठन के अध्यक्ष अंजन जना ने सभी सदस्यों, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं के समर्पण और सेवा भाव के कारण ही संस्था ने समाजसेवा के क्षेत्र में पांच वर्षों की सफल और गौरवपूर्ण यात्रा पूरी की है।