मंझारी थाना क्षेत्र के बामे हुटूब गांव में हुआ दर्दनाक हादसा
घर के बाहर दातुन कर रही थी सुखमति, अचानक ढह गई दीवार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : चाईबासा के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत तांतनगर ओपी के बामे हुटूब गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 33 वर्षीय दिव्यांग युवती सुखमति बानरा की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सुखमति अपने घर के बाहर दातुन कर रही थी। इसी दौरान अचानक कच्चे मकान की दीवार भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। दीवार के भारी मलबे के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाया और युवती को बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा की नई टीम का गठन, विकास गुप्ता ने संभाली अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी
अस्पताल पहुंचने से पहले ही जिंदगी की जंग हार गई युवती
मृतका के जीजा चन्द्र भूषण बिरुवा ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद वाहन की व्यवस्था कर सुखमति को इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा ले जाया गया। परिजनों और ग्रामीणों को उम्मीद थी कि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि सुखमति दिव्यांग थी और परिवार के साथ गांव में रहती थी। उसकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ट्रैक मेंटेनरों को मकान किराया भत्ता नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश से कमजोर हुई थी दीवार, जांच में जुटी पुलिस
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण कच्चे मकान की दीवार काफी कमजोर हो चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि बारिश के कारण दीवार की मजबूती खत्म हो गई और वह अचानक ढह गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने तथा आवश्यक सहायता देने की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर मकानों की सुरक्षा और बारिश के मौसम में बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है।
























