रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर के सहयोग से धोधांगा विद्यालय में लगा स्वास्थ्य शिविर
जनकल्याणकारी पहल की सराहना, भविष्य में भी शिविर लगाने की उम्मीद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा स्थित तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट से सटे केरूआडूंगरी पंचायत के प्राथमिक विद्यालय धोधांगा में रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों सहित कुल 90 लोगों की आंखों की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की आंखों की विभिन्न समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। जांच के दौरान बिरजू हेम्ब्रम को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिनका आगे निःशुल्क उपचार कराया जाएगा। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और आयोजन की सराहना की।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : दारिसोल श्रीराम मंदिर में महाभिषेक और हरि नाम संकीर्तन से गूंजा भक्तिमय वातावरण
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर दिया गया जोर
इस अवसर पर पंचायत के मुखिया कान्हू मुर्मू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर की जनहितकारी पहल की प्रशंसा करते हुए संस्था के पदाधिकारियों और चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक संतोष कुमार मिश्रा, पंचायत की सक्रिय महिलाओं, विद्यालय परिवार, ग्रामीणों तथा स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
























