शोक संतप्त परिवार को दी सांत्वना, कठिन समय में साथ खड़े रहने का आश्वासन
गोवा से पैतृक आवास तक पार्थिव शरीर लाने में किया गया समन्वय
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड के गालूडीह स्थित जोड़िसा गांव में शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं ने दिवंगत काशीनाथ महतो के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। झामुमो के घाटशिला प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू के नेतृत्व में पहुंचे नेताओं ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि पार्टी परिवार के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी रहेगी। नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय काशीनाथ महतो के श्राद्धकर्म सहित सभी सामाजिक और पारिवारिक दायित्वों में संगठन हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने परिवार के सदस्यों को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि झामुमो परिवार उनके दुख में बराबर का सहभागी है। इस दौरान नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड को चालू कराने की हुंकार, इंटक प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू ने निकाली बाइक रैली
पार्थिव शरीर को घर पहुंचाने में विधायक की पहल को सराहा
झामुमो नेताओं ने बताया कि स्वर्गीय काशीनाथ महतो गोवा स्थित एक मरीन इंजीनियरिंग संस्थान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे और 3 जुलाई को उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अपने पीछे वे पत्नी और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। नेताओं ने कहा कि विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने इस कठिन घड़ी में परिवार का हरसंभव सहयोग किया। गोवा से पार्थिव शरीर को पैतृक आवास तक लाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा कराने में उन्होंने उपायुक्त और संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही परिवार को शासन-प्रशासन की ओर से मिलने वाली सहायता और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराने की दिशा में भी पहल जारी है। इस अवसर पर अशोक महतो, बाबलू हुसैन, देवलाल महतो, शेख बदरुद्दीन, अली युनुस, राजेश महतो सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






















