108 एंबुलेंस सेवा से नहीं मिली मदद, जादूगोड़ा के चीटामाटी टोला में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव ने उजागर की बदहाल व्यवस्था
जेबी लाइव, रिपोर्टर
डुमरिया : पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड की बड़ाकाँजिया पंचायत अंतर्गत जादूगोड़ा गांव के चीटामाटी टोला में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर खामियां एक बार फिर सामने आई हैं। सड़क नहीं होने और समय पर एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को एक बीमार व्यक्ति, ग्राम प्रधान जंगल हेम्ब्रम, को खटिया पर लिटाकर करीब चार किलोमीटर तक कंधों पर ढोना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि मरीज की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद कई बार 108 एंबुलेंस सेवा पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी प्रकार की सहायता नहीं मिल सकी। इसके बाद गांव के लोगों ने आपसी सहयोग से खटिया को अस्थायी एंबुलेंस बनाया और दुर्गम पहाड़ी एवं कच्चे रास्तों से मरीज को कानीकोचा गांव तक पहुंचाया। वहां से निजी वाहन की व्यवस्था कर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरिया ले जाया गया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डालसा का विधिक जागरूकता अभियान, शहरी क्षेत्रों में लोगों को दी कानून की जानकारी
बरसात में बढ़ जाती है परेशानी, ग्रामीणों ने उठाई सड़क और स्वास्थ्य सुविधा की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि चीटामाटी टोला आज भी सड़क, एंबुलेंस और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। विशेष रूप से बरसात के मौसम में यहां की स्थिति और अधिक दयनीय हो जाती है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार लोगों को अस्पताल तक पहुंचाना किसी चुनौती से कम नहीं होता। कई बार मरीजों को घंटों तक खटिया या अस्थायी साधनों के सहारे ले जाना पड़ता है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने मांग की है कि चीटामाटी टोला को जल्द मुख्य सड़क से जोड़ा जाए, 108 एंबुलेंस सेवा की जवाबदेही तय की जाए तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।



























