अभ्यर्थियों के हित में निष्पक्ष जांच और पुनर्विचार की उठाई आवाज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची/पोटका : पोटका विधानसभा क्षेत्र की महिला नेत्री एवं समाजसेविका दुखनी सोरेन ने गुरुवार को झारखंड के राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात कर JSSC परीक्षा में संताली भाषा के प्रश्नपत्र को लेकर अभ्यर्थियों की चिंताओं से अवगत कराया। उन्होंने राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि संताली भाषा के प्रश्नपत्र में कथित रूप से सिलेबस से बाहर पूछे गए प्रश्नों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। दुखनी सोरेन ने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने इस विषय को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है, इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी पारदर्शी जांच आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : SHG खाते से ₹4 लाख की कथित अवैध निकासी का आरोप निराधार, बैंक जांच में हुआ खुलासा
विद्यार्थियों की मेहनत का सम्मान जरूरी : दुखनी सोरेन
दुखनी सोरेन ने राज्यपाल से आग्रह किया कि अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले पर पुनर्विचार किया जाए तथा न्यायपूर्ण निर्णय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि झारखंड के विद्यार्थी कठिन परिश्रम और तैयारी के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, इसलिए उनकी मेहनत का सम्मान होना चाहिए। किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यपाल इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल करेंगे, जिससे अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके और परीक्षा प्रणाली पर उनका विश्वास कायम रहे।
























