महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की पहल
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा व्यापक बाजार और नई पहचान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित दो दिवसीय मानसून ट्रेड फेयर का सोमवार को चैंबर भवन में भव्य शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान और उपाध्यक्ष अर्चना दुबे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। 17 और 18 अगस्त तक चलने वाले इस ट्रेड फेयर में फैशन, परिधान, ज्वेलरी, लाइफस्टाइल, खान-पान और हस्तनिर्मित वस्तुओं सहित विभिन्न उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, प्रचार और बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में उद्यमी, व्यवसायी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बोल बम के जयकारे से गूंजा सिदगोड़ा सूर्यधाम, नंगे पांव जल लेकर शिवालय पहुंचे पूर्व सीएम रघुवर दास
महिला उद्यमियों में ट्रेड फेयर को लेकर दिखा उत्साह
चैंबर के उपाध्यक्ष ट्रेड एंड कॉमर्स अनिल मोदी ने बताया कि मानसून ट्रेड फेयर को लेकर महिला उद्यमियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिला उद्यमियों को इस आयोजन के माध्यम से अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। साथ ही वे नए ग्राहकों और संभावित व्यावसायिक साझेदारों से भी जुड़ सकेंगी। मेले में आने वाले शहरवासियों को एक ही स्थान पर विविध प्रकार के उत्पादों को देखने और खरीदने की सुविधा मिल रही है। आयोजकों का मानना है कि यह मंच महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय के विस्तार और ग्राहक आधार बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहयोग देगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सरयू राय से मिलीं बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. भारती मेहता
सुबह 11 बजे से रात 8:30 बजे तक खुला रहेगा मेला
चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि मानसून ट्रेड फेयर दोनों दिनों में सुबह 11 बजे से रात 8:30 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि मेले में फैशन एवं परिधान, आभूषण, लाइफस्टाइल उत्पाद, स्वादिष्ट खान-पान सामग्री, हस्तनिर्मित वस्तुएं और अन्य उपयोगी सामान प्रमुख आकर्षण होंगे। शहर के लोग यहां खरीदारी के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं और उद्यमशीलता को भी करीब से देख सकेंगे। उन्होंने नागरिकों से परिवार और मित्रों के साथ मेले में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : चैंबर भवन में दो दिवसीय मानसून ट्रेड फेयर का शुभारंभ, महिला उद्यमियों को मिला नया मंच
आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महिलाओं का बढ़ता कदम
चैंबर के महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि संस्था लगातार महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती रही है और मानसून ट्रेड फेयर उसी प्रयास की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपने हुनर, उत्पाद और व्यावसायिक क्षमता को बड़े बाजार के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। वहीं सचिव भारत मकानी ने कहा कि महिलाएं आज व्यवसाय के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और अपने कौशल को उद्यम में बदलकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा रही हैं। कार्यक्रम के समन्वयक सुमन नागेलिया ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचने की अपील की। उद्घाटन समारोह में उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव अंशुल रिंगसिया, विनोद शर्मा, सुरेश शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया सहित कई पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

























