ड्यूटी से लौटे रेलवे कर्मचारी की बाइक स्टेशन परिसर से थी गायब, सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश
स्टेशन परिसर से बाइक गायब होने पर मचा हड़कंप, सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की व्यापक छानबीन
अज्ञात लोगों की पहचान में जुटी पुलिस, स्टेशन परिसर में वाहनों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : मनोहरपुर रेलवे स्टेशन परिसर से गायब हुई रेलवे कर्मचारी की पल्सर एनएस बाइक को पुलिस ने सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर बरामद कर लिया। बाइक बीसखोली के समीप लावारिस हालत में मिली। जानकारी के अनुसार रेलवे में ग्रुप-डी कर्मचारी आशीष कोड़ा रविवार दोपहर ड्यूटी करने मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने अपनी पल्सर एनएस बाइक संख्या जेएच 06यू 9748 को प्लेटफॉर्म संख्या-1 के बाहर स्टेशन परिसर में खड़ा किया था। रात करीब नौ बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब वे वापस लौटे तो बाइक अपने स्थान पर नहीं मिली। उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रात करीब 10 बजे उन्होंने घटना की सूचना मनोहरपुर थाना पुलिस को दी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग में बोनस और कर्मचारियों के हितों पर हुई चर्चा
पुलिस की तत्परता से कुछ ही घंटों में बरामद हुई बाइक
बाइक चोरी की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अम्मीएल एक्का के नेतृत्व में पुलिस और जेपी के जवान सक्रिय हो गए। पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संभावित ठिकानों पर खोजबीन शुरू की और विभिन्न दिशाओं में घेराबंदी की। पुलिस की टीम ने स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में बाइक की तलाश करते हुए संदिग्ध स्थानों पर भी जांच की। इसी दौरान बीसखोली के समीप एक बाइक लावारिस हालत में पड़ी होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो वह बाइक आशीष कोड़ा की निकली। बाइक बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे उसके मालिक को सौंप दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित कर्मचारी को राहत मिली।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा शहीद दिवस को लेकर प्रशासन सतर्क, उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों को दिए सुरक्षा के निर्देश
लिखित शिकायत नहीं मिलने से फिलहाल दर्ज नहीं हुई प्राथमिकी
थाना प्रभारी अम्मीएल एक्का ने बताया कि बाइक गायब होने की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी थी। लगातार प्रयास के बाद बाइक बरामद कर उसके मालिक को सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर अभी तक थाने में लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, जिसके कारण फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। हालांकि पुलिस मामले को लेकर सतर्क है और बाइक को स्टेशन परिसर से हटाकर बीसखोली के समीप छोड़ने वाले अज्ञात लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ घटना के संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

























