8580090001 नंबर या QR कोड से दर्ज होगी शिकायत, SMS के जरिए मिलेगी कार्रवाई की जानकारी
WhatsApp पर आसानी से दर्ज होगी शिकायत, सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचेगी, होगी निगरानी
SMS से मिलेगी शिकायत की स्थिति की जानकारी, घर बैठे जानें अपनी शिकायत पर हुई कार्रवाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के नागरिकों को अब अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों की सुविधा के लिए ‘अबुआ मित्र’ WhatsApp चैटबॉट सेवा शुरू की है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय सभागार में इस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा और अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी मौजूद रहे। नई सेवा के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन से घर बैठे प्रशासन तक अपनी शिकायत पहुंचा सकेंगे। प्रशासन का उद्देश्य शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को आसान, सुलभ और अधिक प्रभावी बनाना है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ट्रांसपोर्ट नगर में 17 सितंबर से भव्य विश्वकर्मा पूजा महोत्सव, 19 को शहनाज अख्तर की भक्ति संध्या
पूर्वी सिंहभूम में नागरिकों की सुविधा के लिए शुरू हुई नई WhatsApp सेवा
नागरिक ‘अबुआ मित्र’ सेवा के माध्यम से WhatsApp नंबर 8580090001 पर सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा उपलब्ध QR कोड को स्कैन कर भी इस सुविधा तक पहुंचा जा सकता है। शिकायत दर्ज करते समय नागरिक अपनी सुविधानुसार भाषा का चयन कर समस्या से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा सकेंगे। आवश्यकता पड़ने पर शिकायत से जुड़े दस्तावेज भी WhatsApp के माध्यम से भेजे जा सकेंगे। इससे दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी। उन्हें छोटी-बड़ी समस्याओं को लेकर संबंधित कार्यालय तक पहुंचने में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : New Delhi : किशाऊ डैम परियोजना को मिली नई गति, अमित शाह की मौजूदगी में छह राज्यों ने किया ऐतिहासिक समझौता
8580090001 पर WhatsApp से दर्ज करें अपनी शिकायत
WhatsApp के जरिए प्राप्त शिकायतों को जिला प्रशासन के जन सहायता पोर्टल jansahayatajsr.in पर दर्ज किया जाएगा। शिकायत की प्रकृति के अनुसार उसे संबंधित विभाग, कार्यालय या सक्षम पदाधिकारी के पास आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद शिकायत के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी और फॉलोअप भी जन सहायता पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होगी। साथ ही शिकायतों को सही विभाग तक पहुंचाने और उन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : Patna : बिहार पुलिस SI परीक्षा रद्द करने की मांग पर पटना में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस से हुई झड़प
शिकायतों की ऑनलाइन निगरानी से बढ़ेगी प्रशासनिक पारदर्शिता
शिकायत दर्ज कराने वाले नागरिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से शिकायत की स्थिति और उसकी प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लोगों को अपनी शिकायत का हाल जानने के लिए संबंधित कार्यालयों में बार-बार जाने की आवश्यकता नहीं होगी। जिला प्रशासन के अनुसार, ‘अबुआ मित्र’ सेवा खासकर ग्रामीण एवं दूर-दराज क्षेत्रों के नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होगी। उपायुक्त राजीव रंजन ने जिलेवासियों से इस सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि शिकायतों के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान की व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि ‘अबुआ मित्र’ प्रशासन से जुड़ने में नागरिकों का अपना मित्र साबित होगा।



























