भागवत मुहल्ला के खेल मैदान में प्रवेश बंद होने पर बढ़ा विरोध, विधायक से लगाई गुहार
संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समाधान की पहल करेंगे सरयू राय
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सोनारी के भागवत मुहल्ला स्थित खेल मैदान से स्थानीय लोगों का प्रवेश बंद किए जाने के मामले में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने संज्ञान लिया है। सोमवार को मुहल्लावासियों का एक प्रतिनिधिमंडल बिष्टुपुर स्थित उनके आवास पहुंचा और मैदान को लेकर उत्पन्न स्थिति की जानकारी दी। लोगों ने बताया कि यह मैदान वर्षों से बच्चों के खेलकूद, सामाजिक आयोजनों, शादी-विवाह और सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग में लाया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पहले जुस्को द्वारा मैदान की चहारदीवारी कर दी गई थी, जिसके विरोध के बाद कंपनी के लैंड विभाग ने स्थानीय लोगों के उपयोग के लिए मैदान उपलब्ध रखने का आश्वासन दिया था।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : निखार हत्याकांड में तेज हुई जांच, अशोक सिंह राघव के कार्यालय और आवास पर पुलिस की छापेमारी
मैदान पर कब्जे के आरोप से बढ़ी स्थानीय लोगों की चिंता
मुहल्लावासियों का आरोप है कि अब मैदान को पूरी तरह घेर दिया गया है और स्थानीय लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। साथ ही वहां विद्यालय से संबंधित बोर्ड भी लगा दिया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। उन्होंने विधायक सरयू राय से हस्तक्षेप कर मैदान को पूर्व की तरह सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर सरयू राय ने कहा कि स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी सुविधा और मैदान के उपयोग के अधिकार को ध्यान में रखते हुए वे पूरे मामले की वस्तुस्थिति की जानकारी लेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित पदाधिकारियों से बातचीत कर उचित और व्यावहारिक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।




























