महिला विंग की ओर से विधि-विधान से हुआ कन्या पूजन और शस्त्र पूजन
कन्याओं को उपहार, प्रसाद, चुनरी और दक्षिणा देकर किया गया सम्मानित
मां दुर्गा की आराधना से शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है : बंटी सिंह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जम्बू अखाड़ा महिला विंग की ओर से जम्बू अखाड़ा प्रांगण में 108 कन्या पूजन सह शस्त्र पूजन का आयोजन श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। धार्मिक परंपराओं के अनुरूप कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया, वहीं शस्त्रों की आराधना कर शक्ति, साहस और परंपरा के प्रति आस्था व्यक्त की गई। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे हुई। इस दौरान छोटी-छोटी कन्याओं को सम्मानपूर्वक कतारबद्ध बैठाया गया। महिलाओं ने हल्दी मिले जल से उनके चरण धोए और पैरों को अलता से सजाया। इसके बाद 108 कन्याओं को स्वास्तिक के आकार में बैठाकर तिलक, अक्षत और पुष्प अर्पित किए गए। मंदिर के पुरोहित ने दुर्गाष्टक, दुर्गा के 108 नामों के स्तोत्र और सिद्ध कुंजिका स्तोत्र का पाठ किया। मंत्रोच्चार के बीच कन्याओं की आरती उतारी गई और उनके चरण वंदन कर आशीर्वाद लिया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई, सुवर्णरेखा घाट पर सुरक्षा में तैनात रहे सिविल डिफेंस और एनडीआरएफ
जम्बू अखाड़ा में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ 108 कन्याओं का पूजन

कन्या पूजन के बाद सभी कन्याओं को स्टील की थाली और चम्मच भेंट किए गए। उन्हें पूरी, हलवा, चना, खीर, केला और लड्डू का प्रसाद परोसा गया। इसके साथ ही चुनरी और दक्षिणा देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम के दूसरे चरण में मंदिर के पुरोहित, जम्बू अखाड़ा समिति की महिला विंग की सदस्यों और क्षत्रिय समाज की महिलाओं ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। इस अनुष्ठान के माध्यम से शक्ति, साहस और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ नारी शक्ति के सम्मान और समाज में पारंपरिक मूल्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख की ठगी का आरोप, श्रमिकों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
कन्याओं को उपहार और प्रसाद देकर किया सम्मानित, शस्त्रों की हुई आराधना
कार्यक्रम में जम्बू अखाड़ा समिति के मुख्य संरक्षक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमरप्रीत सिंह काले, झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षड़ंगी, समिति अध्यक्ष ब्रिज किशोर, झारखंड क्षत्रिय संघ की सीतारामडेरा इकाई से निशा सिंह एवं उनकी सहयोगी, सिदगोड़ा इकाई से मनोरमा सिंह एवं उनकी सहयोगी तथा क्षत्रिय समाज संपूर्ण भारत की अध्यक्ष चंदा सिंह उपस्थित रहीं। आयोजन को सफल बनाने में जम्बू अखाड़ा महिला विंग की रितिका श्रीवास्तव, आरती मुखी, सुलोचना मुंडा, संध्या दास, नमिता सिंह, सविता दास, ममता शाह, गीता कुंडू, सुनीता यादव, पिंकी यादव, निशा, नीतू मुखी, ममता देवी, स्नेहलता, सरोज सिन्हा, संगीता श्रीवास्तव, जमुना दास, सरिता देवी, महालक्ष्मी, लक्ष्मी सरकार, कंचन देवी, गीता कुमारी, शिवानी और पूनम देवी सहित समिति की अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम जम्बू अखाड़ा समिति के संरक्षक बंटी सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इसे भी पढ़ें : Adityapur : आदित्यपुर में फास्ट फूड ठेले पर विवाद के बाद खूनी मारपीट, मानगो के युवक शेखर की मौत
जम्बू अखाड़ा के आयोजन में सामाजिक और धार्मिक संगठनों की रही भागीदारी
इस अवसर पर संरक्षक बंटी सिंह ने कहा कि मां दुर्गा सृष्टि की सृजनकर्ता और आदि शक्ति हैं। उनकी उपासना से मनुष्य को शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने जमशेदपुरवासियों को शारदीय नवरात्र और दशहरा की शुभकामनाएं भी दीं। आयोजन के माध्यम से कन्याओं के सम्मान, नारी शक्ति के महत्व और भारतीय धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने का संदेश दिया गया। श्रद्धा और उत्साह के बीच संपन्न इस कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।






















