रीड्यूस, रीयूज और रिसाइकल की पहल से जरूरतमंदों को मिलेगी मदद
घरेलू जैविक कचरे से तैयार होगी गुणवत्तापूर्ण खाद
अतुल भटनागर ने आरआरआर सेंटर को बताया पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाटा स्टील यूटिलिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टाटा स्टील यूआईएसएल) ने बिष्टुपुर स्थित क्यू रोड में आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकल) सेंटर का उद्घाटन किया। इस केंद्र का उद्देश्य अनुपयोगी समझी जाने वाली वस्तुओं को दोबारा उपयोग में लाना, कचरे की मात्रा कम करना और जरूरतमंद लोगों तक उपयोगी सामान पहुंचाना है। यह पहल शहर में टिकाऊ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर में फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, 16 टीमें लेंगी हिस्सा
बिष्टुपुर में आरआरआर सेंटर शुरू, पुरानी वस्तुओं के पुनः उपयोग को मिलेगा बढ़ावा
आरआरआर सेंटर के माध्यम से शहरवासियों से घरों में रखे पुराने कपड़े, जूते, किताबें और अन्य उपयोगी घरेलू सामान फेंकने के बजाय केंद्र को उपलब्ध कराने की अपील की गई है। यहां प्राप्त वस्तुओं को उनकी उपयोगिता के अनुसार व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि उन्हें जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा सके। इससे उपयोगी सामान की बर्बादी कम होगी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी लाभ मिल सकेगा। केंद्र में बच्चों से लेकर बड़ों तक के कपड़े, जूते, किताबें और रोजमर्रा के इस्तेमाल की अन्य वस्तुएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
इसे भी पढ़ें : Gua : सेल निदेशक (खान) की बैठक में नहीं निकला समस्याओं का ठोस समाधान, श्रमिक नेताओं में नाराजगी
पुराने कपड़े, जूते और किताबें जरूरतमंदों के आएंगे काम
केंद्र की एक विशेष पहल यह है कि यहां उपलब्ध उपयोगी वस्तुओं को सामान्य शुल्क पर लोगों को दिया जाएगा। इससे नागरिकों को कम खर्च में जरूरी सामान मिल सकेगा और वस्तुओं के पुनः उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। इस व्यवस्था के जरिए वस्तुओं के जीवनकाल को बढ़ाने के साथ-साथ कचरे के रूप में फेंके जाने वाले सामान की मात्रा घटाने का प्रयास किया जा रहा है। कंपनी की पहल का उद्देश्य नागरिकों को संसाधनों के जिम्मेदार इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना और पुनर्चक्रण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटा मोटर्स की कैंटीन में हादसा, सब्जी काटने की मशीन से कर्मचारी की एक उंगली कटी, दो क्षतिग्रस्त
सामान्य शुल्क पर मिलेंगी दोबारा उपयोग योग्य घरेलू वस्तुएं
आरआरआर सेंटर में घरेलू रसोई से निकलने वाले जैविक कचरे के प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस कचरे को वैज्ञानिक तरीके से संसाधित कर गुणवत्तापूर्ण खाद तैयार की जा रही है, जिसे आम नागरिकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इससे गीले कचरे का बेहतर उपयोग संभव होगा और उसे सीधे फेंकने से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। जैविक खाद का उपयोग पौधों और बागवानी के लिए भी किया जा सकता है। इस प्रकार केंद्र वस्तुओं के पुनः उपयोग के साथ-साथ कचरा प्रबंधन को भी बढ़ावा देगा।
इसे भी पढ़ें : Gua : समाजसेवी मांगता सुरीन के निधन से शोक की लहर, मानकी-मुंडा और रैयत श्रमिक संघ ने स्थगित किया घेराव कार्यक्रम
घरेलू जैविक कचरे से तैयार होगी गुणवत्तापूर्ण खाद
इस अवसर पर टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर ने पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि आरआरआर सेंटर के माध्यम से पुरानी वस्तुओं को नया उपयोग मिलेगा और लोगों के घरों में रखे उपयोगी सामान जरूरतमंदों के काम आ सकेंगे। उन्होंने इस पहल को सामाजिक सहयोग और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी से यह केंद्र स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। यह पहल जमशेदपुर में जिम्मेदार उपभोग और टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करती है।























