झारखंड मजदूर संघर्ष संघ की बैठक में उठीं कर्मचारियों की मांगें
पांच छुट्टी, बोनस, मेडिकल, पीएफ और अन्य सुविधाएं देने पर हुई चर्चा
सिक्योरिटी गार्डों की बहाली और सुविधाओं पर प्रबंधन के फैसले का इंतजार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा में सिक्योरिटी गार्डों की छंटनी और उनकी विभिन्न मांगों को लेकर मामला गरमा गया है। इस मुद्दे पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के बैनर तले गुवा सेल ऑफिसर क्लब में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिक्योरिटी गार्डों के फील्ड ऑफिसर निशांत कुमार सिंह और यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे के बीच विस्तार से वार्ता हुई। इसमें अन्य यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार और गणेश दास भी शामिल हुए। बैठक के दौरान सिक्योरिटी गार्डों ने बताया कि पहले कुल 54 गार्ड कार्यरत थे, लेकिन छंटनी के बाद केवल 39 गार्डों को ही काम पर रखा गया है। ऐसे में शेष 15 गार्डों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। गार्डों ने मांग की कि छंटनी किए गए सभी 15 कर्मचारियों को दोबारा बहाल कर ड्यूटी पर लगाया जाए, ताकि किसी का रोजगार प्रभावित नहीं हो।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा साई को नगरपालिका में शामिल करने का विरोध, ग्रामीणों ने पारंपरिक सीमा पर लगाया अस्मिता का बोर्ड
गुवा में 15 सिक्योरिटी गार्डों की छंटनी से बढ़ी नाराजगी
बैठक में सिक्योरिटी गार्डों ने अपनी अन्य मांगों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पूर्व से मिल रही सुविधाओं को जारी रखने के साथ एचआरए (AWA), बोनस, महीने में पांच हॉलिडे, दो जोड़ी वर्दी, सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर फील्ड ऑफिसर निशांत कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि किसी भी सिक्योरिटी गार्ड की छंटनी नहीं की जाएगी और सभी 54 गार्डों को काम पर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को 26 दिनों की ड्यूटी, महीने में पांच छुट्टियां, बोनस, मेडिकल सुविधा, ईएल का पैसा और पीएफ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा आपातकालीन बीमारी अथवा किसी जरूरी कार्य के लिए एडवांस राशि देने की सुविधा पर भी विचार किया जाएगा। इस आश्वासन से गार्डों में दोबारा रोजगार मिलने की उम्मीद जगी है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : चाईबासा में स्कूटी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी की गाड़ी बरामद
सभी 54 गार्डों को काम पर लेने का फील्ड ऑफिसर ने दिया भरोसा
वहीं, यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि फिलहाल छंटनी किए गए 15 सिक्योरिटी गार्डों की बहाली को लेकर ड्यूटी चार्ट जारी नहीं किया गया है। केवल आश्वासन देने से कर्मचारियों की समस्या का समाधान नहीं होगा। यूनियन की मांग है कि जल्द से जल्द सभी 54 गार्डों का ड्यूटी चार्ट जारी कर उन्हें काम पर लगाया जाए। उन्होंने बताया कि सेल प्रबंधन ने सिक्योरिटी गार्डों का टेंडर टॉप मैनपॉवर मैनेजमेंट सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड को दिया है। यूनियन चाहती है कि नई एजेंसी के माध्यम से भी कर्मचारियों को पहले से मिल रही सुविधाएं जारी रहें। रामा पांडे ने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों और सुविधाओं के साथ किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि गार्डों की मांगों की अनदेखी की गई और बहाली में देरी हुई तो यूनियन सभी सिक्योरिटी गार्डों को साथ लेकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिग इंग्लिश स्कूल में डालसा का सुरक्षित बचपन अभियान, बच्चों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी
ड्यूटी चार्ट जारी करने की मांग, अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी
बैठक में सिक्योरिटी गार्डों की समस्याओं और उनके रोजगार से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। यूनियन प्रतिनिधियों ने प्रबंधन से मांग की कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द ठोस निर्णय लिया जाए। साथ ही नई एजेंसी के माध्यम से काम करने वाले सभी गार्डों को निर्धारित सुविधाएं और सुरक्षा संबंधी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। बैठक में यूनियन अध्यक्ष रामा पांडे, संजू गोच्छाईत, हेमराज सोनार, विष्णु प्रसाद, सुभाष दास, सुरेश राउत, शैलेश जी, दुर्गा साहू और गणेश दास सहित बड़ी संख्या में सिक्योरिटी गार्ड उपस्थित थे। अब सभी की नजरें प्रबंधन के आश्वासन के बाद जारी होने वाले नए ड्यूटी चार्ट और 15 छंटनी किए गए गार्डों की वास्तविक बहाली पर टिकी हैं।























