तिलक पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने दोनों महान विभूतियों के योगदान को किया याद
लोकतंत्र की रक्षा के लिए ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का लिया संकल्प
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के जरिए लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव ने की। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने सरदार पटेल एवं इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने दोनों महान नेताओं के व्यक्तित्व, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। नेताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान किसानों को संगठित कर अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया। देश की आजादी के बाद उन्होंने 562 रियासतों का एकीकरण कर अखंड और मजबूत भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका योगदान देश हमेशा याद रखेगा।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 55 पैकेट एक्सपायर्ड और फफूंदयुक्त ब्रेड नष्ट
562 रियासतों का एकीकरण कर सरदार पटेल ने रखी मजबूत भारत की नींव
वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के योगदान को याद करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा और शक्ति को स्थापित किया। उनके कार्यकाल में बैंक, कोयला और चीनी उद्योगों के राष्ट्रीयकरण जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, जिनका उद्देश्य देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करना और आम लोगों के हितों की रक्षा करना था। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उनके दृढ़ नेतृत्व के परिणामस्वरूप बांग्लादेश का निर्माण हुआ। वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने राजनीतिक जीवन में कई ऐतिहासिक फैसले लिए, जिन्हें देश के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा। नेताओं ने उनके साहस, नेतृत्व क्षमता और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कहा गया कि दोनों महान नेताओं के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मयूरभंज दौरा फिर स्थगित, रायरंगपुर-बादामपहाड़ के रेलवे कार्यक्रम भी टले
इंदिरा गांधी के साहसिक फैसलों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष (संगठन) संजय सिंह आजाद ने किया। मौके पर प्रदेश सचिव ब्रजेन्द्र तिवारी, योगेन्द्र सिंह यादव, रामलाल प्रसाद पासवान, अतुल गुप्ता, अरुण कुमार सिंह, संजय यादव, मृत्युंजय कुमार, सुदर्शन तिवारी, रंजीत सिंह, फरहत बेगम, रंजीत झा, शिल्पी चक्रवर्ती, सविता, उदय कुमार सिंह, रंजन सिंह, अमित श्रीवास्तव, मनोज उपाध्याय, बीरेन्द्र पाण्डेय, मुन्ना मिश्रा, विनय सिंह, राजेश दुबे, रवि करूवा, मुन्ना सिंह, शैलेन्द्र कुमार और ताहिर खान सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।


























