ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक गीतों के बीच किसानों ने की पशुधन की पूजा
बुधवार को बुढ़ी बंधना के साथ संपन्न होगा सोहराय पर्व, कई गांवों में पूर्णिमा पर आयोजन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आदिवासी एवं ग्रामीण समुदायों का पारंपरिक सोहराय (बंदना) पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पांच दिनों तक चलने वाले इस महत्वपूर्ण पर्व के चौथे दिन मंगलवार को विभिन्न गांवों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार बैल खुंटाव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कई गांवों में बैल खुंटाव प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर पशुओं को नचाया गया। ग्रामीणों ने पारंपरिक गीत-संगीत के साथ पर्व का आनंद लिया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और लोग अपनी परंपरा तथा संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में जुटे रहे।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : छठ महापर्व और कार्तिक पूर्णिमा को लेकर सरायकेला नगर पंचायत अलर्ट, शुरू हुई घाटों की सुरक्षा-सफाई
सोहराय पर्व के चौथे दिन बैल खुंटाव कार्यक्रम में दिखी आदिवासी संस्कृति की झलक
बैल खुंटाव के अवसर पर किसान सुबह-सुबह अपने पशुधन को स्नान कराकर उनकी विशेष सजावट करते हैं। इसके बाद दोपहर में खेतों से धान की बालियां लाकर उनसे आकर्षक फूल तैयार किए जाते हैं। गोहाल यानी पशुओं को रखने के स्थान पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद धान की बालियों से बने फूलों को बैलों और अन्य पशुओं के सींगों में सजाया जाता है। शाम होते ही घरों के आंगन में खूंटा गाड़कर पशुओं को बांधा जाता है। इसके बाद ढोल, नगाड़े और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर बैलों को नचाया जाता है। इस दौरान पशुधन की सक्रियता और नृत्य ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बनते हैं। बैल खुंटाव के माध्यम से किसान अपने पशुओं के प्रति प्रेम, सम्मान और आभार प्रकट करते हैं। आदिवासी समाज में सोहराय पर्व को प्रकृति, कृषि और पशुधन से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार माना जाता है। पशुधन को परिवार की समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक समझा जाता है।
इसे भी पढ़ें : Potka : शंकरदा फुटबॉल टूर्नामेंट में भागाबांध की टीम बनी चैंपियन, रिचितुका को 1-0 से हराया
धान की बालियों से सजाए गए पशुओं के सींग, ढोल-नगाड़ों पर थिरके बैल
वहीं, बुधवार को सोहराय पर्व के पांचवें और अंतिम दिन पारंपरिक रूप से बुढ़ी बंधना मनाया जाएगा। इसके साथ ही कई गांवों में पांच दिवसीय सोहराय पर्व का समापन होगा। दूसरी ओर, राजनगर प्रखंड के रोड़ा, भुरसा, छोटा कुनाबेड़ा एवं चांवराडीह गांव में पूर्णिमा के अवसर पर सोहराय पर्व मनाया जाएगा। इन गांवों में भी पर्व को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीण पारंपरिक पूजा-पाठ, गीत-संगीत और सामूहिक आयोजन के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। सोहराय पर्व न केवल पशुधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, बल्कि यह ग्रामीण समाज में आपसी भाईचारे, एकता और पारंपरिक जीवनशैली को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।






















