नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक
तीन प्रमुख घाटों पर सफाई, रोशनी, चेंजिंग रूम और तैराक कर्मियों की होगी तैनाती
छठ और कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत की विशेष तैयारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : आगामी छठ महापर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर पंचायत सरायकेला ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर पंचायत कार्यालय सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान नगर क्षेत्र के प्रमुख नदी घाटों श्री जगन्नाथ घाट, कुंदरसाई घाट एवं श्मशान काली मंदिर घाट पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
इसे भी पढ़ें : Potka : शंकरदा फुटबॉल टूर्नामेंट में भागाबांध की टीम बनी चैंपियन, रिचितुका को 1-0 से हराया
छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर सरायकेला नगर पंचायत ने कसी कमर
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व और कार्तिक पूर्णिमा हमारी आस्था, संस्कृति एवं परंपरा से जुड़े महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन अवसरों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु नदी घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना और स्नान करते हैं। ऐसे में नगर पंचायत की प्राथमिकता है कि सभी घाटों पर स्वच्छता, रोशनी और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए कार्यालय आदेश जारी कर दिया गया है। इसके तहत पदाधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर दी गई है। संबंधित कर्मियों को अपने-अपने निर्धारित घाटों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। पर्व के दौरान भी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो।
इसे भी पढ़ें : Gua : सेल के किरीबुरू-मेघाहातुबुरू अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर श्रम विभाग सख्त, जारी किया नोटिस
तीन प्रमुख नदी घाटों की सफाई के लिए कर्मियों की जिम्मेदारी तय
नगर पंचायत की ओर से घाटों की साफ-सफाई के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। श्री जगन्नाथ घाट पर सफाई पर्यवेक्षक समीर रजक के नेतृत्व में अर्जुन गोप एवं बालू प्रसाद महतो को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, कुंदरसाई घाट और श्मशान काली मंदिर घाट की सफाई का कार्य पर्यवेक्षक बबन कुमार के नेतृत्व में बजरंग महंती, रोहित कुमार साहू एवं जीतू खलखो संभालेंगे। इन सभी घाटों की सफाई व्यवस्था के लिए नगर प्रबंधक देवाशीष प्रधान को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि घाटों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करें तथा कचरे का समय पर निस्तारण कराएं। श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों और घाटों के आसपास भी विशेष साफ-सफाई रखने पर जोर दिया गया है, ताकि पर्व के दौरान स्वच्छ वातावरण बना रहे।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर सीएचसी में 3-4 माह से एंबुलेंस सेवा ठप, मरीजों की बढ़ी परेशानी
घाटों पर रोशनी और महिलाओं के चेंजिंग रूम की भी होगी व्यवस्था
प्रकाश व्यवस्था और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की जिम्मेदारी भी अलग-अलग कर्मियों को सौंपी गई है। श्री जगन्नाथ घाट पर विशाल ब्रज सिंहदेव को तथा कुंदरसाई घाट एवं श्मशान काली मंदिर घाट पर सूरज सिंह ठाकुर को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। इस व्यवस्था के नोडल पदाधिकारी कनीय अभियंता संदीप कुमार होंगे। वहीं, घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्री जगन्नाथ घाट पर सामुदायिक संगठनकर्ता मनोज खाखा तथा कुंदरसाई घाट एवं श्मशान काली मंदिर घाट पर सहायक प्रह्लाद कुमार साहू को जिम्मेदारी दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कनीय अभियंता अजय सुंडी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। नगर पंचायत का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को घाटों पर पर्याप्त रोशनी मिले और महिलाओं को कपड़े बदलने के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो।
इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू के मंगला बाजार में मोटर पार्ट्स दुकान में लगी आग, बड़ा हादसा टला
नदी घाटों पर सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे तैराक, अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
नदी घाटों पर किसी भी संभावित दुर्घटना से निपटने के लिए तैराक कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। श्री जगन्नाथ घाट पर प्रदीप कालुवा एवं विकास मुखी तथा कुंदरसाई घाट और श्मशान काली मंदिर घाट पर राजा राम एवं चमाई सोरेन को तैनात किया जाएगा। इस व्यवस्था के नोडल पदाधिकारी कनीय अभियंता विक्की गोप होंगे। अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मचारियों को पर्व से पूर्व अपने-अपने कार्यों को पूरा करने तथा पर्व के दौरान लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। बैठक में सिटी मैनेजर सुमित सुमन, कनीय अभियंता विक्की गोप, संदीप कुमार, सीएमएम मणि मुकुट सोरेन, चांदी मिंज, नगर पंचायत के सफाई सुपरवाइजर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। नगर पंचायत की इन तैयारियों से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से पर्व मनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।






















