- 100 दिवसीय जागरूकता मॉड्यूल के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम
- पीडीजे रामाशंकर सिंह ने दिखाई हरी झंडी; उत्कृष्ट कार्य करने वाले पीएलवी सम्मानित
- बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का सामूहिक संकल्प, न्यायिक पदाधिकारियों ने जताई प्रतिबद्धता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय जागरूकता मॉड्यूल तथा बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन हेतु अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर, सरायकेला में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के अध्यक्ष रामाशंकर सिंह ने की। कार्यक्रम के प्रथम चरण में पीडीजे रामाशंकर सिंह ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आम लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और इसकी रोकथाम के उपायों की जानकारी देगा। अभियान के सफल संचालन में जिला कल्याण विभाग, सरायकेला-खरसावां तथा स्वयंसेवी संस्था युवा का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। जागरूकता रथ के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक करने तथा इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : आनंदपुर में 40-45 जंगली हाथियों का उत्पात, आधा दर्जन से अधिक गांवों में घर और फसलें तबाह
सरायकेला में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू, न्यायालय से निकला रथ
जागरूकता रथ रवाना करने के बाद डीएलएसए सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बाल विवाह के सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि कम उम्र में विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समुचित विकास को प्रभावित करता है। यह उनके अधिकारों का भी उल्लंघन है। कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम के कानूनी प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समुदाय की भूमिका की जानकारी दी गई। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुरीति को समाप्त करने के लिए केवल कानून का होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। परिवार, पंचायत, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भूमिका इस दिशा में महत्वपूर्ण है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : छह माह की गर्भवती पत्नी की हथौड़े से हत्या करने वाले पति को आजीवन कारावास
बाल विवाह के दुष्परिणाम और कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विधिक जागरूकता और जनसंपर्क के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पैरा-लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) को उनके उत्कृष्ट योगदान एवं समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने पीएलवी के कार्यों की सराहना करते हुए उनसे समुदाय स्तर पर जागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया। कहा गया कि पीएलवी आम लोगों और विधिक सेवा संस्थाओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक कानूनी जानकारी तथा सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। बाल विवाह की रोकथाम के लिए भी उन्हें गांवों और समुदायों में लगातार जागरूकता अभियान चलाने, लोगों को कानूनी प्रावधान समझाने तथा किसी भी संभावित घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सभी हितधारकों से बच्चों के सुरक्षित बचपन और बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : नीमडीह में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार अवैध शराब भट्टियां ध्वस्त
विधिक जागरूकता में योगदान देने वाले पीएलवी सम्मानित, समुदाय स्तर पर अभियान मजबूत करने की अपील
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों, पीएलवी और अन्य हितधारकों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रामाशंकर सिंह, प्रधान न्यायाधीश (पारिवारिक न्यायालय) वीरेश कुमार, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम ब्रज किशोर पांडेय, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय दीपक मलिक, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लूसी सोसन तिग्गा, सिविल जज (सीनियर डिवीजन)-सह-जेएम प्रथम श्रेणी अनामिका किस्कू, डीएलएसए सचिव तौसीफ मेराज, अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी आशीष अग्रवाल तथा अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन)-सह-जेएम प्रथम श्रेणी धृति धैर्या सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी, पीएलवी एवं संबंधित हितधारक उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।






















