- नगर निगम और वन विभाग ने किया पल्ला झाड़ा, टाटा जूलॉजिकल पार्क की टीम ने संभाला मोर्चा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के डिमना रोड और आसपास के संकोसाई रोड नंबर 1 से लेकर रोड नंबर 5, संजय पथ और लक्ष्मण नगर इलाके में बुधवार को एक बौराए सांढ़ ने दहशत फैला दी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे से सांढ़ लगातार गलियों और सड़कों पर दौड़ता रहा, जिसके कारण लोगों में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान सांढ़ ने 15 से अधिक लोगों को घायल कर दिया। कई लोगों को हल्की चोटें आईं, वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। उनमें से एक चंदेश्वर प्रसाद गुप्ता की हालत नाजुक बताई गई, जिनका तुरंत टीएमएच में इलाज शुरू कराया गया। स्थानीय लोगों ने पहले नगर निगम से संपर्क किया, लेकिन नगर निगम के कर्मचारियों ने असमर्थता जाहिर कर दी। बाद में वन विभाग ने भी इसे अपना विषय न बताते हुए सहायता से इनकार कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला उपचुनाव में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांगा समर्थन, तीर-धनुष चिन्ह पर वोट देने की अपील
सरयू राय की पहल से शुरू हुआ उपचार, जूलॉजिकल पार्क की टीम मौके पर पहुँची
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय से संपर्क किया। सरयू राय ने तत्काल अपने जनसुविधा प्रतिनिधि पिंटू सिंह को स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया और टीएमएच प्रशासन एवं टाटा जूलॉजिकल पार्क के अधिकारियों से बातचीत की। निर्देश के बाद जूलॉजिकल पार्क की विशेषज्ञ टीम सांढ़ को काबू करने के लिए मौके पर पहुंच गई। उधर, गंभीर रूप से घायल चंदेश्वर प्रसाद गुप्ता को टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अन्य घायलों में अन्नी की माता, गुनाराम टुडू और आजादी साहू शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में जनसभा को ओडिशा के मुख्यमंत्री माझी ने किया संबोधित, डबल इंजन सरकार की बात दोहराई
स्थानीय लोगों ने किया सहयोग, एमजीएम और स्वेच्छा से काम करने वालों ने बचाई जानें
घटना के दौरान इलाज और प्राथमिक राहत में स्थानीय लोगों एवं समाजसेवियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एमजीएम अस्पताल में जीतेंद्र साव सहित चिकित्सा टीम ने घायलों का इलाज करने में तत्काल मदद की। कई घायल व्यक्तियों को दवा-पट्टी के बाद घर भेज दिया गया, जबकि बाकी का उपचार जारी है। राहत और सहायता कार्य में संतोष भगत, टुनटुन सिंह, संजय शर्मा और रवि गोराई सहित कई लोगों ने सक्रिय योगदान दिया। इस घटना ने नगर निगम और वन विभाग की समन्वयहीनता और तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत और स्पष्ट हो।
























