- तेज रफ्तार में टायर फटते ही बेकाबू हुआ वाहन
- एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैफिक हुआ सामान्य
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब गिट्टी से भरा एक हाइवा अचानक टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। तेज रफ्तार में ओवरब्रिज की ओर बढ़ रहे इस वाहन का आगे का टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और हाइवा सड़क किनारे जा गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि ओवरब्रिज के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ और चालक भी सुरक्षित बताया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : नीमडीह रेनबो इंग्लिश स्कूल के वार्षिक समारोह में विधायक सविता महतो की उपस्थिति
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गई। पुलिस ने ओवरब्रिज के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को एक-एक कर सावधानी से निकालना शुरू किया, ताकि कोई दूसरी दुर्घटना न हो। सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण जाम जैसी स्थिति बन गई थी, जिससे दोपहिया और छोटे वाहनों को खासा परेशान होना पड़ा। पुलिस ने जेसीबी और श्रमिकों की मदद से सड़क पर गिरे मलबे को हटवाने का काम शुरू कराया।
इसे भी पढ़ें : Rahe : राहे में किसान विरोधी बीज और बिजली विधेयक की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को फिर से साफ कर वाहनों की आवाजाही सामान्य कर दी गई, जिसके बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि टायर में तकनीकी खराबी थी या वाहन की मेंटेनेंस में लापरवाही बरती गई थी। पुलिस ने भारी वाहनों के चालकों से अपील की है कि वे नियमित रूप से वाहन की जांच कराएं और ओवरलोडिंग से बचें, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
























