15 दिनों से बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों को मिली राहत
जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी की पहल पर धनतेरस के दिन बहाल हुई विद्युत आपूर्ति
धनतेरस पर बिजली बहाल होने से बिरसा नगर में खुशी का माहौल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बिरसा नगर के ग्रामीणों के लिए धनतेरस का त्योहार खुशियों की सौगात लेकर आया। पिछले 15 दिनों से बिजली संकट झेल रहे करीब 200 परिवारों के घरों में नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद फिर से रोशनी लौट आई। दीपावली से ठीक पहले बिजली आपूर्ति बहाल होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से अंधेरे में रहने को मजबूर परिवारों के लिए यह किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।
इसे भी पढ़ें : Dhalbhumgarh : विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने मुगली सबर के परिजनों को दी आर्थिक सहायता
ट्रांसफार्मर जलने से 15 दिनों से अंधेरे में डूबा था बिरसा नगर
ज्ञात हो कि सेल प्रबंधन की ओर से विस्थापन के बाद बिरसा नगर के ग्रामीणों के लिए नए आवास बनाकर करीब 200 परिवारों को बसाया गया था। इन परिवारों को सरकारी स्तर पर बिजली की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी। लेकिन लगभग 15 दिन पहले अचानक ट्रांसफार्मर जल जाने से पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इसके कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्यों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लगातार बिजली संकट से ग्रामीणों में नाराजगी भी बढ़ रही थी।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : धनतेरस पर झारखंड की महिलाओं को सरकार की सौगात, मंईयां सम्मान योजना की 98.50 करोड़ रुपये की राशि जारी
ग्रामीणों की शिकायत पर जिप सदस्य देवकी कुमारी ने की पहल
बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने अपनी समस्या नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी के समक्ष रखी। ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल बिजली विभाग के एसडीओ से संपर्क किया और क्षेत्र में नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। उनके प्रयास से शुक्रवार को धनतेरस के दिन बिरसा नगर में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। त्योहार के मौके पर बिजली लौटने से करीब 200 परिवारों को बड़ी राहत मिली। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और आभार व्यक्त किया।






















