- चूना भट्ठा मुख्य सड़क पर बाइक सवार बदमाशों ने दी पुलिस को चुनौती, पुरानी रंजिश का मामला बताया जा रहा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। घटना करीब 1:45 बजे चूना भट्ठा मुख्य सड़क स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक बैट्री की दुकान पर हुई, जहां दो बाइक सवार बदमाश पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे। उस समय दुकान पर रवि मौजूद था, जिसे निशाना बनाकर अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोग सहम गए और अफरातफरी मच गई। हालांकि रवि ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत दुकान के अंदर छिपकर अपनी जान बचा ली, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और कई दुकानदारों ने कुछ समय के लिए अपनी दुकानें भी बंद कर दीं।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा की सांस्कृतिक धरोहर ‘वीणापाणि पाटागार’ के 90 वर्ष पूरे, उत्सव और खेल से गूंजा शहर
दिनदहाड़े फायरिंग से बाजार में मची अफरातफरी
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से चार खोखे बरामद किए हैं, जिनमें से एक खोखा दुकान के अंदर से मिला है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार अपराधी काफी तेजी से आए और कुछ ही सेकंड में फायरिंग कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम में LPG आपूर्ति सामान्य, जिला प्रशासन ने किया स्पष्ट, गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं
घटनास्थल से चार खोखे बरामद, पुलिस जांच में जुटी
दुकानदार संजय कुमार ने बताया कि यह पूरी घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी हुई है। उनके अनुसार आदित्यपुर-2 निवासी ऋषि ने शुक्रवार रात उन्हें फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। विवाद की शुरुआत 19 दिसंबर को इनवर्टर बनाने को लेकर हुई थी, जिसके बाद 9 मार्च को हरिओम नगर में ऋषि, अमन और सानू ने उनके बेटे पर हमला भी किया था। इस मामले की शिकायत पहले ही आदित्यपुर थाने में दर्ज कराई गई थी। हैरानी की बात यह रही कि जब संजय कुमार पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर थाने गए हुए थे, उसी दौरान अपराधियों ने पीछे से उनकी दुकान पर फायरिंग कर दी। थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने कहा कि मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है और पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।



























