- दिल्ली–जयपुर हाईवे निर्माण स्थल पर मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा, इलाके में शोक की लहर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : हरियाणा के भिवाड़ी स्थित दिल्ली–जयपुर हाईवे के निर्माणाधीन स्थल पर खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से झारखंड के छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पोटका प्रखंड के बनगोड़ा गांव के चार मजदूर और ईचागढ़ क्षेत्र के दो मजदूर शामिल बताए जा रहे हैं। इस हादसे की खबर मिलते ही उनके गांवों में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर पोटका के विधायक संजीव सरदार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना है, जिसमें मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने गए मजदूरों की असामयिक मौत हो गई। विधायक ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं पूरी तरह से पीड़ित परिवारों के साथ हैं।
इसे भी पढ़ें : Muri – बुंडू में माकपा की जन आक्रोश सभा, 24 मार्च की दिल्ली रैली में शामिल होने का आह्वान
मृतकों के परिजनों को सहायता दिलाने की मांग, पार्थिव शरीर गांव लाने की व्यवस्था करने का आग्रह
घटना को गंभीरता से लेते हुए विधायक संजीव सरदार ने झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद से मुलाकात कर मृतकों के परिजनों को जल्द से जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस दौरान ईचागढ़ की विधायक सबिता महतो भी मौजूद रहीं। विधायक ने मंत्री से यह भी मांग की कि मृत मजदूरों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही जिस निर्माण कंपनी में ये मजदूर कार्यरत थे, उससे मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सभी सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने की पहल की जाए। विधायक ने कहा कि सरकार और प्रशासन से उम्मीद है कि इस दुखद घटना से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता जल्द उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें इस कठिन समय में सहारा मिल सके। इस दौरान विधायक सुरेश पासवान और विधायक संजय कुमार सिंह यादव भी मौजूद रहे।

























