- गोविंदपुर के प्रकाश नगर गरुड़बासा में सामने आया मामला
- जनेऊ कार्यक्रम में शामिल होकर अलमारी से जेवर किए गायब
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर गरुड़बासा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने प्रेम जाल में फंसाकर युवक के घर से लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। बताया जा रहा है कि युवती ने शादी का झांसा देकर युवक और उसके परिवार का विश्वास जीत लिया था। युवक निखिल सिंह ने बताया कि युवती का नाम पूजा पांडेय है, जो शहर में पीजी में रह रही थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद शादी की बात चल रही थी। इसी बीच निखिल के घर जनेऊ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पूजा पांडेय भी शामिल होने पहुंची। कार्यक्रम के दौरान वह धीरे-धीरे घर के सभी सदस्यों का विश्वास जीतती चली गई। इसी भरोसे के चलते युवक ने अपनी अलमारी की चाभी भी उसे दे दी थी, जिससे उसे घर के कीमती सामान तक आसानी से पहुंच मिल गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कर्ज में डूबे युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में पसरा मातम
पहले भी कई लोगों को बना चुकी है शिकार, पुलिस कर रही पूछताछ
बताया जाता है कि 6 मार्च को जनेऊ कार्यक्रम समाप्त होने के बाद निखिल सिंह की बुआ घर जाने वाली थीं। उनकी अलमारी में रखा मंगलसूत्र निकालने के लिए जब चाभी मांगी गई तो पूजा पांडेय लगातार बहाने बनाकर चाभी देने से बचने लगी। इससे परिवार को शक हुआ और जब अलमारी की जांच की गई तो उसमें रखे जेवरात और कुछ नगद गायब मिले। घटना के बाद परिवार के होश उड़ गए। इसी दौरान पड़ोसियों ने भी बताया कि युवती ने उनका भी विश्वास जीतकर अलमारी की चाभी ली थी और वहां से भी गहने गायब हो गए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि पूजा पांडेय पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि वह युवकों को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देती है और फिर मौका मिलते ही जेवरात लेकर फरार हो जाती है। फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और गोविंदपुर थाना पुलिस युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

























