- गेट से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की बारीकी से जांच, पुलिस ने सुरक्षाकर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : झारखंड के कई जिलों में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। इसी कड़ी में जमशेदपुर जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिविल कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कोर्ट के गेट संख्या एक से लेकर गेट संख्या तीन तक सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट की बारीकी से जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की जांच पूरी सतर्कता के साथ की जाए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : प्रेम जाल में फंसाकर युवती ने लाखों के गहने उड़ाए, शादी का झांसा देकर घर में बनाई जगह
पहले भी एक्सएलआरआई को मिली थी धमकी, पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में झारखंड के कई जिलों में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलने के बाद प्रशासन सतर्कता बरत रहा है। इससे पहले जमशेदपुर के प्रमुख शिक्षण संस्थान एक्सएलआरआई को भी ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, हालांकि जांच के दौरान वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया था। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

























