मूर्ति चोरी, जर्जर सड़क और पुलिया को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
सड़क और मुआवजे के मुद्दे पर सरकार से मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के चंद्रपुर चौक स्थित पंडित रघुनाथ मुर्मू मूर्ति परिसर में भूतिया ग्राम पंचायत के मुखिया विधान चन्द्र माण्डी की अध्यक्षता में एक विशाल आम सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में पाथरा, मानुषगुड़िया, साण्डरा, खण्डामौदा, पूर्णापानी और माटिहाना समेत कई पंचायतों के हजारों ग्रामीण शामिल हुए। सभा में प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ लोगों ने जोरदार विरोध जताया। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश षडंगी मौजूद रहे, जबकि कई जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीर बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
इसे भी पढ़ें : Bihar : विक्रमशिला सेतु हादसे पर तेजस्वी यादव का NDA पर हमला, बोले- “ये भ्रष्टाचार की समाधि”
जनसमस्याओं को लेकर ग्रामीणों का एकजुट प्रदर्शन
सभा में जिला पार्षद फुलमनी मुर्मू, पूर्व जिला पार्षद अर्जुन पूर्ति और विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं ने गुरु गोमके की मूर्ति चोरी होने पर पुलिस की निष्क्रियता और बानियाकुन्दर के पास जर्जर सड़क व क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर गहरा आक्रोश जताया। सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि 15 दिनों के भीतर प्रशासन ने मूर्ति बरामदगी और सड़क मरम्मत को लेकर लिखित आश्वासन नहीं दिया, तो 15 मई के बाद खण्डामौदा और जगन्नाथपुर चौक पर अनिश्चितकालीन धरना और सामूहिक गिरफ्तारी दी जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Bihar : भागलपुर में विक्रमशिला सेतु का हिस्सा धंसा, 16 जिलों से संपर्क टूटा
15 दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो आंदोलन तेज
सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि प्रशासन मूर्ति स्थापित करने में विफल रहता है, तो 5 मई को बुद्ध पूर्णिमा और पंडित रघुनाथ मुर्मू की जयंती के अवसर पर ग्रामीण स्वयं खिचिंग से मूर्ति लाकर स्थापित करेंगे। इसके लिए मुखिया विधान चन्द्र माण्डी और राहुल बाजपायी को अधिकृत किया गया है। इसके अलावा एनएच-18 और एनएच-49 से जुड़ी अधूरी सड़क परियोजनाओं और रैयतों के लंबित मुआवजे का मुद्दा भी उठाया गया, जिसमें सरकार से जल्द कार्रवाई और बेहतर आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।






















