मिर्गीलिंडी गांव के पास हुआ हादसा, एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्गीलिंडी गांव के समीप सोमवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय सरवन कुम्हार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार जयराम हेस्सा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का इलाज चंपुआ के एक अस्पताल में चल रहा है। मृतक सरवन कुम्हार जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के डीपासाई गांव का निवासी था। परिजनों के अनुसार सरवन अपनी बहन की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए जयराम हेस्सा के साथ बाइक से कोचड़ा जा रहा था। इसी दौरान मिर्गीलिंडी गांव के पास तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सरवन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जयराम गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसे भी पढ़ें : Chakradharpur : अवैध हथियार रखने के मामले में रिंकु साहू को 3 वर्ष कारावास की सजा
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतक के चाचा अनादि कुम्हार ने बताया कि सरवन परिवार का इकलौता बेटा था और बेंगलुरु में मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ था। वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की सूचना मिलने पर टोंटो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। पुलिस फरार हाईवा चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद डीपासाई गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


























