मउभंडार से घाटशिला स्टेशन तक शक्ति प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं और युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
स्थानीय रोजगार और औद्योगिक विकास के लिए उठाई आवाज
संतोषजनक पहल नहीं होने पर व्यापक आंदोलन का संकेत
राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर बोले इंटक प्रदेश अध्यक्ष
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : इंटक के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद पहली बार घाटशिला पहुंचे पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू का कांग्रेस और इंटक कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) को पुनः चालू कराने की मांग को लेकर मोभंडार अंबेडकर चौक से घाटशिला रेलवे स्टेशन तक विशाल बाइक रैली निकाली गई। कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद सैकड़ों बाइक और वाहनों का काफिला विभिन्न मार्गों से होते हुए स्टेशन चौक पहुंचा। रास्ते में मोभंडार चौक, दाहीगोड़ा और अन्य स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से डॉ. बालमुचू का स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार क्षेत्र में उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में विशेष उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में युवा भी रैली में शामिल हुए और संगठन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : कटवा में गांधी प्रतिमा विवाद पर भड़के युवा कांग्रेसी आफताब खान, बोले— ‘गांधी विचारों को मिटाया नहीं जा सकता’
एचसीएल को लेकर प्रबंधन के खिलाफ संघर्ष का ऐलान
रैली के बाद पत्रकारों से बातचीत में डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू ने कहा कि हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड वर्षों से अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप संचालित नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि घाटशिला क्षेत्र की खदानों से आज भी तांबा अयस्क निकाला जा रहा है, लेकिन स्थानीय स्तर पर उत्पादन नहीं होने के कारण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और रोजगार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसरों से वंचित होना पड़ रहा है और उद्योग से जुड़ी आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। डॉ. बालमुचू ने कहा कि घाटशिला की जनता अब इस स्थिति को स्वीकार करने के मूड में नहीं है और एचसीएल को पुनः सक्रिय करने की मांग लगातार तेज हो रही है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : महात्मा गांधी के अपमान पर भड़के इंटक प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू
प्रबंधन संग जल्द होगी बैठक, आंदोलन की दी चेतावनी
डॉ. बालमुचू ने बताया कि जल्द ही उनकी कंपनी प्रबंधन के साथ बैठक प्रस्तावित है, जिसमें एचसीएल को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रबंधन की ओर से सकारात्मक और संतोषजनक पहल नहीं की गई, तो इंटक मजदूरों और स्थानीय जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल उद्योग का मुद्दा नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों परिवारों के रोजगार और भविष्य से जुड़ा विषय है। इसलिए संगठन इस मामले को गंभीरता से आगे बढ़ाएगा और आवश्यकता पड़ने पर बड़े स्तर पर जनांदोलन भी किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : स्व. केदार महतो की 18वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, पत्रकारिता और रंगमंच में योगदान को किया याद
गांधी प्रतिमा विवाद पर भी दी प्रतिक्रिया
पत्रकारों द्वारा पश्चिम बंगाल के कटवा में महात्मा गांधी की प्रतिमा के चेहरे पर काला कपड़ा लपेटे जाने की घटना पर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. बालमुचू ने भाजपा की आलोचना की और कहा कि महात्मा गांधी के विचार देश की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। रैली में पूर्व विधायक तपोस चटर्जी, अब्दुल गफ्फार, फारूक शेख, मानस दास, शमशाद खान, संजय शाह, लक्ष्मण चंद्र बाग, समीर मदीना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और इंटक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और युवाओं में नए उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।